Maihar Run for Unity : विधायक, कलेक्टर, एसपी की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस पर मैहर में उत्साह के साथ आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी'
Maihar Run for Unity : विधायक ने कहा- सरदार पटेल ने 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को बनाया संगठित और सशक्त राष्ट्र
Maihar Run for Unity : मैहर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन मैहर द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः 8:30 बजे अग्रसेन चौक से एकलव्य आवासीय विद्यालय मैहर तक ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की गई। छात्रों,गणमान्य नागरिकों और विभागीय अधिकारियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम अंतर्गत एकलव्य आवासीय विद्यालय में आयोजित समारोह में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि आज हम सभी सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती मना रहे हैं। आजादी के बाद अंग्रेजों की भारत को खंड-खंड करने की साजिश को सरदार पटेल ने नाकाम करते हुए 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को संगठित और सशक्त राष्ट्र बनाया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।
समारोह में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके प्रयासों से एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना साकार हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान, अतिथियों का स्वागत एवं संबोधन किया गया। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह,अपर कलेक्टर रोशन राय,एडिशनल एसपी डॉ चंचल नागर, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल,जनपद सदस्य दीपक सिंह बघेल,सभी विभागों के अधिकारी, संतोष सोनी, सत्यभान सिंह पटेल, गणमान्य नागरिक, छात्र - छात्राएं उपस्थित रहे।
यहां देखिये तस्वीरें




