बोस्निया में इटली का सैन्य हेलिकॉप्टर क्रैश: 4 सैन्यकर्मियों की मौत; 11 घायल
बोस्निया और हर्जेगोविना में 29 अक्टूबर को इटली का CH-47 चिनूक सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 4 सैन्यकर्मियों की मौत और 11 घायल हुए।
Bosnia Helicopter Crash : यूरोपीय देश बोस्निया और हर्जेगोविना में गुरुवार शाम बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां इटली का एक सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चार सैन्यकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। यूरोपीय संघ बल (EUFOR) ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
#बोस्निया में #इटली का सैन्य हेलिकॉप्टर CH-47 चिनूक #क्रैश हादसे में 4 सैनिकों की #मौत, 11 सैन्यकर्मी घायल #Bosnia #ItalyMilitary #ChinookCrash #HelicopterCrash #ItalyMilitary #BosniaAccident #CH47Chinook #Italy #ItalianArmy #MilitaryNews #EUFOR #EUFORAlthea #BosniaAndHerzegovina #WorldNews #AviationNews #ViralVideo #NewsFlash
— Goldy Srivastav (@GoldySrivastav) October 30, 2026
नियमित प्रशिक्षण अभियान के दौरान हुआ हादसा
EUFOR के मुताबिक, यह दुर्घटना 29 अक्टूबर 2026 को बोस्निया और हर्जेगोविना के ब्रचको के पास गोरिसे इलाके में हुई। बताया गया कि CH-47 चिनूक हेलिकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण अभियान पर था, इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में घायल हुए सभी 11 सैन्यकर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें
हेलिकॉप्टर दुर्घटना की सूचना मिलते ही बोस्निया और हर्जेगोविना की आपातकालीन सेवाओं के साथ EUFOR की संपर्क एवं निगरानी टीम घटनास्थल पर पहुंची। बचावकर्मियों ने प्रभावित सैन्यकर्मियों को बाहर निकाला और उन्हें ब्रचको के मेडिकल सेंटर पहुंचाया।
EUFOR ने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी भी नागरिक को चोट नहीं आई है। इसके अलावा आसपास के नागरिक बुनियादी ढांचे, संपत्ति और वाहनों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। EUFOR ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी। संगठन ने लोगों से सैन्यकर्मियों की पहचान और राष्ट्रीयता को लेकर अटकलें नहीं लगाने तथा भ्रामक सूचनाएं नहीं फैलाने की अपील की है।
EUFOR ने मृतकों के परिजनों और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गौरतलब है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर बोस्निया और हर्जेगोविना में यूरोपीय संघ के शांति मिशन EUFOR के तहत संचालित हो रहा था। इस मिशन की कमान इटली के पास है।

