इंदौर के नशामुक्ति केंद्र में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, 70 से ज्यादा मरीज फरार; प्रबंधन पर उठे सवाल
Indore Nasha Mukti Kendra: इंदौर के पहचान नशामुक्ति केंद्र में सचिन लोधी ने वॉशरूम में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद 70 से अधिक मरीज फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में नशामुक्ति केंद्र में एक युवक की आत्महत्या के बाद हड़कंप मच गया। रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित पहचान नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती सचिन लोधी ने वॉशरूम में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान इलाज करा रहे 70 से अधिक मरीज मुख्य गेट का ताला और बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए। घटना के बाद केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
नहाने गया था युवक, एक घंटे बाद फंदे पर मिला
जानकारी के मुताबिक, सचिन लोधी सुबह नहाने का कहकर वॉशरूम में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर केंद्र के सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ। करीब एक घंटे बाद दरवाजा तोड़ा गया तो सचिन अंदर फंदे पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक महीने पहले केंद्र में कराया था भर्ती
मृतक के जीजा केशव लोधी के मुताबिक, सचिन को करीब एक महीने और तीन दिन पहले नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। घटना वाले दिन सुबह ही परिजनों ने केंद्र में इलाज के लिए पैसे जमा किए थे। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें सचिन की आत्महत्या की सूचना मिली।
इस घटना के बाद परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका सवाल है कि केंद्र में भर्ती युवक की निगरानी और सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे?
युवक की मौत के बाद 70 से ज्यादा मरीज फरार
सचिन की मौत की खबर के बाद केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान केंद्र में इलाज करा रहे 70 से अधिक मरीज मुख्य गेट का ताला खोलकर और बाउंड्रीवॉल फांदकर फरार हो गए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के भागने से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फरार मरीजों की तलाश जारी
रावजी बाजार थाना प्रभारी मनीष मिश्र के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही फरार मरीजों की तलाश की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस युवक की आत्महत्या के कारणों और केंद्र में हुई सुरक्षा संबंधी लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है।

