Spain Train Accident में 68 मौतें : गुस्साए लोगों ने पुलिस पर फेंके बोतलें-पटाखे, ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर के इस्तीफे की मांग

Spain Train Accident Update : स्पेन ट्रेन हादसे में 68 लोगों की मौत के बाद मैड्रिड में प्रदर्शन हुआ। लोगों ने परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग की और रेल सुरक्षा पर सवाल उठाए।

Spain Train Accident में 68 मौतें : गुस्साए लोगों ने पुलिस पर फेंके बोतलें-पटाखे, ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर के इस्तीफे की मांग

Spain Train Accident Update : मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को हुए ट्रेन हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। इस हादसे में पहले जहां 64 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी जो अब बढ़कर 68 हो गई है। इस हादसे के विरोध में सैकड़ों लोगों ने राजधानी मैड्रिड में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग की। कुछ लोगों ने उन्हें ‘मौत का मंत्री’ भी कहा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और लोगों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके। जवाब में पुलिस ने भी उन्हें हटाने के लिए बल का इस्तेमाल किया। 

रेल सुरक्षा सिस्टम में खराबी की आशंका

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, रेल सुरक्षा सिस्टम में खराबी के बाद कंट्रोल सेंटर ने एक ट्रेन को दोबारा चलने की अनुमति दी थी। इसके बाद उसकी पटरी पर खड़ी दूसरी ट्रेन से टक्कर हो गई। हालांकि, सुरक्षा सिस्टम की खराबी ही हादसे की असली वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। परिवहन मंत्री ने भी कहा है कि जांच से दुर्घटना की वजह और जिम्मेदारी तय करने में मदद मिलेगी।

रातभर चला राहत और बचाव अभियान

यह हादसा 28 अक्टूबर को मैड्रिड के दक्षिण में उर्दा इलाके में हुआ। टक्कर के बाद कई यात्री घायल हो गए और कुछ लोग क्षतिग्रस्त ट्रेनों में फंस गए। राहत और बचाव दल रातभर मौके पर जुटे रहे। मलबे से शवों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। बचावकर्मियों ने फंसे लोगों की तलाश जारी रखी।

प्रधानमंत्री ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया

प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने घटनास्थल के पास से देश को संबोधित किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाही या सुरक्षा में कमी सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर रेल सुरक्षा नियमों को सख्त किया जाएगा।

विपक्ष ने चुनावी कार्यक्रम रोके

इस साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा जानलेवा रेल हादसा है। जनवरी में एक अन्य दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हुई थी। इस बीच, विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने अगले महीने होने वाले चुनाव से पहले अपने सभी चुनावी कार्यक्रम एक दिन के लिए रद्द कर दिए।