रीवा: धूमधाम से मनाया गया रिपब्लिक डे, प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ली परेड की सलामी

रीवा के SF ग्राऊंड सहित पूरे जिले में रिपब्लिक डे पर ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

रीवा: धूमधाम से मनाया गया रिपब्लिक डे, प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ली परेड की सलामी

जिले भर में रिपब्लिक डे बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया गया। हर जगह तिरंगा पूरे सम्मान और गर्व के साथ लहराया। मुख्य कार्यक्रम एसएएफ ग्राऊंड, रीवा में हुआ।

मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल (ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री) चीफ गेस्ट रहे। उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने CM डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।

जिले के सभी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। 

आकर्षक परेड निकाली गई 

मुख्य समारोह में आकर्षक परेड निकाली गई, जिसमें जिला पुलिस, महिला पुलिस, एनसीसी, जेल विभाग, एसएएफ, स्काउट-गाइड, सैनिक स्कूल और नगर सेना के दल शामिल रहे। परेड के बाद मुख्य अतिथि ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े और परेड कमांडरों से परिचय लिया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र के प्रहरियों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में जिले और प्रदेश के विकास कार्य, संस्कृति, सेना का शौर्य, प्राकृतिक खेती और ऐतिहासिक धरोहरों को दिखाया गया। एक स्वयंसेवी संस्था ने हृदयाघात की स्थिति में प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन भी किया।

आकर्षक झांकियों से सजा कार्यक्रम 

समारोह में अलग-अलग विभागों की झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छता अभियान, जल जीवन मिशन, महिला सशक्तिकरण, प्राकृतिक खेती, आदिवासी योजनाएं, यातायात और साइबर सुरक्षा को दर्शाया गया।

पुरस्कार वितरण 

कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण हुआ। परेड, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विभागों और स्कूलों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निर्वाचन कार्य, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व मामलों में अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।

समारोह में सांसद, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।