रीवा में जोर पकड़ रहीं भ्रष्टाचार और अवैध कब्जे की शिकायतें, फरियादी भटक रहे

रीवा जिले में भ्रष्टाचार और अवैध कब्जे की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। फरियादियों का कहना है की कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

रीवा में जोर पकड़ रहीं भ्रष्टाचार और अवैध कब्जे की शिकायतें, फरियादी भटक रहे

रीवा जिले में जनता की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई गांवों से सरपंच और अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार, अवैध कब्जा और सरकारी दस्तावेजों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

मनकहरी सरपंच पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

जिले के रायपुर कर्चुलियान विकासखंड की ग्राम पंचायत मनकहरी में सरपंच रामभुवन तिवारी और पंचायत सचिव पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासन से मिले विकास कार्यों की राशि का दुरुपयोग किया गया और कई कामों का पैसा निकालने के बावजूद जमीन पर काम नहीं कराया गया।

आरोप है कि मनरेगा में गरीबों के नाम की जगह सरपंच ने अपने परिवार के लोगों के नाम दर्ज करवा दिए। शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण और पंचायत की राशि से पर्सनल सामान खरीदने की भी शिकायत है। पुलिया निर्माण का पैसा डेढ़ साल पहले निकाला गया, लेकिन काम अधूरा है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर, कमिश्नर, जिला पंचायत और लोकायुक्त सहित कई अधिकारियों को 2023 से 2026 तक शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोग अब निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

भवन निर्माण कार्ड में गलती, बेटी का नाम नहीं जुड़ने से फरियादी परेशान

सिरमौर जनपद में तीरथ प्रसाद सोनी ने जनसुनवाई में शिकायत दी कि उनके भवन निर्माण कार्ड में गलती है। कार्ड में बेटी “अंजू सोनी” का नाम नहीं लिखा गया और बेटे का नाम दो बार दर्ज हो गया।

उन्होंने जिला कार्यालय में सुधार के लिए आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। फरियादी का कहना है कि SDM दृष्टि जायसवाल से भी कोई मदद नहीं मिली और मामला लंबित है।

घर के सामने अवैध कब्जा, रास्ता बंद

चाकघाट के राजेश कुमार गुप्ता ने शिकायत की है कि उनके घर के सामने हिमांशु केशरवानी ने अवैध कब्जा कर नया घर बना लिया। पहले से आधा-आधा रास्ता बचा था, लेकिन अब उस पर भी कब्जा कर दिया गया है।

राजेश कुमार गुप्ता का कहना है कि घर से निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया है और उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।