Rajya Sabha Elections 2026 : मप्र में राज्यसभा चुनाव हुआ दिलचस्प, कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी को दिया समर्थन

Rajya Sabha Elections 2026 : नामांकन के दौरान हेमंत कटारे ने कहा कि राजकुमार लोहानी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उन्होंने कांग्रेस से समर्थन मांगा था। पार्टी ने विचार-विमर्श के बाद उनका समर्थन किया है।

Rajya Sabha Elections 2026 : मप्र में राज्यसभा चुनाव हुआ दिलचस्प, कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी को दिया समर्थन

Rajya Sabha Elections 2026 : भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की खाली सीट पर होने वाला उपचुनाव अब दिलचस्प हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी को समर्थन देकर मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है। सोमवार को राजकुमार लोहानी ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे प्रस्तावक बने। कांग्रेस विधायक आरिफ अकील सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

कौन हैं राजकुमार लोहानी?

राजकुमार लोहानी का जन्म वर्ष 1959 में भोपाल में हुआ था। वे पुराने भोपाल के निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने हायर सेकेंडरी तक शिक्षा प्राप्त की है। लोहानी का कहना है कि उनका राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं रहा है। हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया। उन्होंने कांग्रेस से समर्थन मांगा था, जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया।

कांग्रेस ने हरदीप पुरी पर उठाए सवाल

नामांकन के दौरान हेमंत कटारे ने कहा कि राजकुमार लोहानी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उन्होंने कांग्रेस से समर्थन मांगा था। पार्टी ने विचार-विमर्श के बाद उनका समर्थन किया है। कटारे ने भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी पर निशाना साधते हुए उन्हें दागदार प्रत्याशी बताया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जैसे महत्वपूर्ण सदन में उम्मीदवारों के चयन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

मध्यप्रदेश से राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। भाजपा ने इस सीट पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। अब कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी के मैदान में आने से चुनावी मुकाबला चर्चा में है।

अन्य उम्मीदवारों ने भी ठोकी ताल

इस उपचुनाव में बैतूल के अतिथि शिक्षक हरिपाल बिहारे ने भी नामांकन फॉर्म खरीदा है। वहीं, हैदराबाद के समाजसेवी कांते सैयान्ना ने भी नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में राज्यसभा की एक सीट के लिए मुकाबला और रोचक हो गया है। राजकुमार लोहानी का कहना है कि चुनाव का परिणाम चाहे जो हो, उन्होंने लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नामांकन भरा है।