TI की मौत के बाद बड़ा एक्शन : हरदा में शराब ठेकेदार की 3 दुकानें सील, मैनेजर हिरासत में

Liquor Shops Sealed : पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने टिमरनी में शराब दुकानों की जांच की। इस दौरान शराब ठेकेदार पातेंद्र जायसवाल के नाम से संचालित तीन लाइसेंसी दुकानों को सील कर दिया गया।

TI की मौत के बाद बड़ा एक्शन : हरदा में शराब ठेकेदार की 3 दुकानें सील, मैनेजर हिरासत में

Liquor Shops Sealed : हरदा। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। इस मामले के तार हरदा जिले के टिमरनी से जुड़ने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने टिमरनी में शराब दुकानों की जांच की। इस दौरान शराब ठेकेदार पातेंद्र जायसवाल के नाम से संचालित तीन लाइसेंसी दुकानों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई है।

अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की जांच

कार्रवाई के लिए एएसपी अमित मिश्रा, तहसीलदार देवशंकर धुर्वे और आबकारी अधिकारी सुनील भोजने सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी टिमरनी पहुंचे। टीम ने राधाबाई की पुलिया के पास स्थित शराब दुकान सहित अन्य संबंधित दुकानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक का मिलान किया और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कई रिकॉर्ड खंगाले गए, ताकि शराब की खरीद और बिक्री से जुड़ी जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

शराब ठेकेदार का मैनेजर हिरासत में

इस मामले में पुलिस ने शराब ठेकेदार के मैनेजर भूपेंद्र सिंह राणा को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस उससे शराब के स्टॉक, परिवहन और संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

शराब से भरे ट्रक का टिमरनी से कनेक्शन

जानकारी के अनुसार, इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब से भरे जिस ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की मौत हुई थी, उसमें शराब टिमरनी की संबंधित दुकान से लोड की गई थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस और आबकारी विभाग की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

स्टॉक और परिवहन रिकॉर्ड की हो रही जांच

प्रशासन अब स्टॉक रजिस्टर, परिवहन पर्चियों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि शराब का परिवहन नियमों के अनुसार हुआ था या नहीं। जांच में किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

यह खबर भी पढ़ें : दिलीप पुरी हत्याकांड : शहीद TI दिलीप पुरी पार्थिव शरीर पहुंचा इंदौर, पैतृक गांव सदलपुर में होगा अंतिम संस्कार