गोमांस मामले के आरोपी को जमानत, भोपाल में बजरंग दल का प्रदर्शन, प्रशासन की निकाली अर्थी

भोपाल में गोमांस मामले के आरोपी असलम चमड़ा को बुधवार को जमानत मिलने के बाद आज गुरुवार को बजरंग दल ने प्रदर्शन किया, जिसके बीच पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

गोमांस मामले के आरोपी को जमानत, भोपाल में बजरंग दल का प्रदर्शन, प्रशासन की निकाली अर्थी

भोपाल: गोमांस पकड़े जाने के चर्चित मामले में आरोपी असलम चमड़ा को जमानत मिलने के बाद राजधानी में विरोध तेज हो गया है। गुरुवार दोपहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और नगर निगम व पुलिस प्रशासन की सांकेतिक अर्थी निकालकर पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने गौमांस प्रकरण में असलम की जमानत पर कड़ी आपत्ति जताई है।

सख्त कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर भी निशाना साधा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति पर नजर बनाए रखी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

भोपाल कोर्ट से रिहाई के बाद असलम की गिरफ्तारी

बता दें कि, भोपाल के गोमांस मामले में बुधवार रात असलम कुरैशी को जेल से रिहा किया गया था लेकिन जेल से छूटते ही उसे पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई धारा 151 के तहत जोन-4 की थाना पुलिस ने की। सूत्रों के अनुसार पुलिस असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा के खिलाफ रासुका पेश करने की तैयारी में है। 

बुधवार रात रिहा हुआ था असलम

भोपाल सेन्ट्रल जेल से असलम की रिहाई बुधवार रात 10 बजे हुई। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने दोबारा उसे गिरफ्तार कर लिया। लाल रंग की कार से पहले असलम को बाहर लाया गया इसके बाद गाड़ी सीहोर रोड पर चली गई। देर रात थाने लाकर पुलिस टीम ने उसके खिलाफ कार्रवाई की।