MP News: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के पहले शिविर में 160 आवेदनों का मौके पर निराकरण, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बोले- सुशासन की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रीवा के सिरमौर में पहले शिविर में 322 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 160 का मौके पर निराकरण किया गया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसे सुशासन की बड़ी पहल बताया।

MP News: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के पहले शिविर में 160 आवेदनों का मौके पर निराकरण, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बोले- सुशासन की बड़ी पहल

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मध्य प्रदेश में शुरू हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रीवा जिले के सिरमौर विकासखंड में पहला शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आम जनता से 322 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 160 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। अभियान के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिला।

जन-जन तक पहुंचेगी सरकार : राजेंद्र शुक्ल

शिविर में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि अब एक ही स्थान पर लोगों को कई विभागों की योजनाओं का लाभ मिलेगा और शासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा।

हर शुक्रवार जनता के बीच रहेंगे अधिकारी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप अब हर शुक्रवार अधिकारी जनता के बीच पहुंचेंगे। इस दौरान वे जनसंवाद करेंगे, शिकायतें सुनेंगे और मौके पर उनका निराकरण करेंगे। साथ ही उद्यमियों से संवाद कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारी कार्यालयों, अस्पतालों, छात्रावासों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे, जिससे सरकारी व्यवस्थाओं में सुधार आएगा और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।

नशा मुक्त भारत अभियान को भी मिलेगी गति

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विकास के साथ-साथ समाज को नशा मुक्त बनाना भी जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से नशा मुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि भावी पीढ़ी को नशे से नहीं बचाया गया तो विकास के सभी प्रयास अधूरे रह जाएंगे।

प्रशासनिक निगरानी और सुशासन को मिलेगा बढ़ावा

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से प्रशासनिक कार्यों की निगरानी और जवाबदेही बढ़ेगी। जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, वहीं उद्यम संवाद के जरिए स्थानीय उद्योग और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जिला एवं विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी शिविरों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, अनुग्रह सहायता राशि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे।