MP वाणिज्यिक कर विभाग में बड़े स्तर पर प्रमोशन, चार कैटेगरी के अधिकारियों को मिली पदोन्नति
मध्य प्रदेश वाणिज्यिक कर विभाग में बड़े स्तर पर पदोन्नति आदेश जारी। ACTO से CTO, CTO से Assistant Commissioner और Assistant Commissioner से Deputy Commissioner पद पर प्रमोशन।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने वाणिज्यिक कर विभाग (Commercial Tax Department) में बड़े स्तर पर पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। राज्य शासन ने 7 अगस्त 2026 को चार अलग-अलग आदेश जारी करते हुए सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी (ACTO) से वाणिज्यिक कर अधिकारी (CTO), वाणिज्यिक कर अधिकारी (CTO) से सहायक आयुक्त, सहायक आयुक्त से उपायुक्त तथा निजी सहायक (PA) से वरिष्ठ निजी सहायक (Senior PA) के पदों पर अधिकारियों को पदोन्नत किया है। यह पदोन्नतियां वर्ष 2025 की रिक्तियों के विरुद्ध विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की 29 जुलाई 2026 को हुई बैठक की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं।
ACTO से CTO पद पर पदोन्नति
राज्य शासन ने सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारियों को मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के तहत अस्थायी रूप से वाणिज्यिक कर अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति के साथ अधिकारियों की नई पदस्थापना भी निर्धारित की गई है।
CTO बने सहायक आयुक्त
अलग आदेश में वाणिज्यिक कर अधिकारियों को सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner) के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नत अधिकारियों को सातवें वेतनमान के लेवल-13 में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहायक आयुक्त से बने उपायुक्त
सरकार ने सहायक आयुक्त वाणिज्यिक कर के पद पर कार्यरत अधिकारियों को उपायुक्त (Deputy Commissioner) के पद पर भी पदोन्नत किया है। यह पदोन्नति भी वर्ष 2025 की रिक्तियों के विरुद्ध DPC की अनुशंसा के आधार पर की गई है।
निजी सहायकों को भी मिला प्रमोशन
वाणिज्यिक कर विभाग में कार्यरत छह निजी सहायकों को वरिष्ठ निजी सहायक (Senior PA) के पद पर पदोन्नत किया गया है। आदेश के अनुसार यह पदोन्नति दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के अधीन रहेगी।
सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगी पदोन्नतियां
सरकार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिकाओं (SLP) तथा भविष्य में न्यायालयों द्वारा पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेंगी। साथ ही पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उच्च पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

