मऊगंज में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, चौराहों पर बस खड़ी की तो कटेगा चालान; दीपावली पर पुलिस अलर्ट
Mauganj Police: मऊगंज में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे और एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और दीपावली की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए। स्कूलों के 100 मीटर दायरे में नशे की दुकानों पर कार्रवाई और चौराहों पर बस पार्किंग रोकने का फैसला।
रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज
Mauganj News: जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने, दीपावली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति और एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने भी क्राइम मीटिंग लेकर पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से चौराहों और लेफ्ट टर्न पर बसों की पार्किंग रोकने, सड़क हादसों के ब्लैक स्पॉट सुधारने, स्कूलों के आसपास नशे की दुकानों पर कार्रवाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
चौराहों पर बस खड़ी की तो कटेगा चालान, लेफ्ट टर्न होगा फ्री
कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने स्पष्ट किया कि शहर के किसी भी चौराहे, रोटरी और लेफ्ट टर्न पर बसों और भारी वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। यातायात बाधित करने और जाम की स्थिति पैदा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने तथा यातायात संकेतों की अनदेखी को सड़क हादसों की प्रमुख वजह बताया गया। यातायात पुलिस को हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर विशेष अभियान चलाने के साथ ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के निर्देश दिए गए।

ब्लैक स्पॉट सुधारने और गड्ढे भरने के निर्देश
सड़क हादसों के प्रमुख कारणों पर चर्चा करते हुए तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात संकेतों की अनदेखी को गंभीर समस्या बताया गया।
यातायात पुलिस को हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी और एनएचएआई को जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट सुधारने, सड़कों के गड्ढे भरने, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और रोड मार्किंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। रात में होने वाले हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाने पर भी जोर दिया गया।
ब्लैक स्पॉट सुधारने और स्कूल वाहनों के लिए बनेगी गाइडलाइन
पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी और एनएचएआई को चिन्हित ब्लैक स्पॉट तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सड़क संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और रोड मार्किंग दुरुस्त करने, गड्ढे भरने और रिफ्लेक्टर लगाने को कहा गया है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बसों और वैन के संचालन के लिए नई गाइडलाइन तैयार करने के निर्देश दिए गए। शहर में अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग रोकने और ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई। नो-एंट्री जोन में कैमरे लगाने और बारिश के दौरान सड़कों पर आने वाले गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों के 100 मीटर दायरे में नशे की दुकानों पर कार्रवाई
जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने स्कूलों के बाहर 100 मीटर की परिधि में संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि इस दायरे में पान, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों की दुकानों व ठेलों के संचालन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर ने प्रशासन, पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम को लगातार भ्रमण करने और नशीले पदार्थों के विक्रय एवं उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा।
एसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि दीवार लेखन, पोस्टर, बैनर और अन्य माध्यमों से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही नशामुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।

दीपावली पर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर
दीपावली पर्व के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्राइम मीटिंग भी आयोजित की। इसमें जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर हो निराकरण
क्राइम मीटिंग में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की थाना-वार समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी रखने के साथ आमजन की सुरक्षा के लिए सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
बैठकों में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र और एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

