पब्लिक वाणी की खबर का असर: दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर चला प्रशासन का चाबुक

पब्लिक वाणी की खबर का असर मिलावट पर प्रहार, दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर चला प्रशासन का चाबुक  देवतालाब-मऊगंज में 16 किलो मिठाई, 8 लीटर तेल नष्ट, 15 सैंपल भोपाल लैब भेजे खाद्य विभाग का बाजारों में छापा,जनता ने कहा - रोज हो कार्रवाई, तभी लगेगी लगाम

पब्लिक वाणी की खबर का असर: दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर चला प्रशासन का चाबुक
राजेंद्र पयासी मऊगंज: शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचल तक अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री का मुद्दा पब्लिक वाणी द्वारा जनहित में प्रमुखता से उठाए जाने का बड़ा असर हुआ है। खबर प्रकाशन के बाद जिम्मेदार फूड सेफ्टी डिपार्मेंट की टीम एक्शन मोड में आ गई। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं राजस्व विभाग का संयुक्त अमला हरकत में आया और इलाके के देवतालाब एवं मऊगंज बाजार में बड़ी छापामार कार्रवाई की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने की कार्रवाई

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे के निर्देश पर आगामी दीपावली त्यौहार में गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री एवं मिठाई का विक्रय सुनिश्चित करने हेतु गठित संयुक्त जांच दल ने देवतालाब में शिव भोले मिष्ठान भंडार पर छापा मारा, जहाँ से खोवा, पेड़ा लड्डू का नमूना लेने के साथ लगभग 8 किलो सड़ी-गली मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई। श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार देवतालाब से मथूर पाक, बूंदी खोवा लड्डू एवं नमकीन, मंगलम स्वीट्स देवतालाब से खोवा, पेड़ा एवं लड्डू का नमूना लेकर नोटिस जारी की गई, वहीं संजय मिष्ठान भंडार देवतालाब से छेना रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने जप्त किए गए।

मऊगंज बाजार के कई मिष्ठान भंडारों पर मारा छापा

मऊगंज बाजार स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार में होटल एवं मिठाई निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। मिठाइयों को ढककर रखने और साफ-सफाई के कड़े निर्देश देते हुए छेना रसगुल्ला एवं खोवा का नमूना लिया गया। शुभम श्री मिष्ठान भंडार मऊगंज में गंदगी मिलने पर फटकार लगाते हुए लगभग 8 लीटर खराब बदबूदार तेल नष्ट कराया गया और बूंदी लड्डू व शाही पेड़ा के सैंपल लिए गए। इस प्रकार कुल 16 किलो मिठाई और 8 लीटर तेल नष्ट कर 15 से अधिक नमूने जप्त किए गए हैं।

इधर, कार्रवाई के बाद क्षेत्र की जनता ने कहा कि दूषित सामग्री बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो और यह कार्रवाई नियमित, पूरे जिले में अनवरत जारी रहे। लोगों का कहना है कि पहले महीने-पखवाड़े में औपचारिक कार्रवाई होती थी, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर आक्रोश था, लेकिन पब्लिक वाणी की खबर के बाद शुरू हुई इस संयुक्त कार्रवाई से अब मिलावटखोरों पर लगाम लगने की उम्मीद जगी है।

 
मऊगंज एवं देवतालाब में संचालित होटलों से खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर  सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में अमानक पाए जाने पर चालान तैयार कर न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं खोवा, पनीर, मिठाई एवं किराना विक्रेताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री बेचने की समझाइश दी गई है और अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।