कलेक्टर ने सुनी जनता की पीड़ा: जनसुनवाई में आए 108 आवेदन, तीन दिन में जांच के निर्देश

Mauganj Jansunwa: मऊगंज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने 108 आवेदन सुने। धान पंजीयन, भुगतान, पीएम आवास, जमीन के पट्टे और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सुनी जनता की पीड़ा: जनसुनवाई में आए 108 आवेदन, तीन दिन में जांच के निर्देश

रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज

Mauganj News: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 108 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही कार्रवाई की जानकारी अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं और आवेदकों को भी निराकरण की स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

धान पंजीयन और भुगतान से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

जनसुनवाई में ग्राम गौरी निवासी पंकज द्विवेदी ने शिकायत की कि उनकी भूमि का धान पंजीयन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर कर दिया गया है। इस वजह से उनका पंजीयन नहीं हो पा रहा है। वहीं, ग्राम बड़खरा निवासी कमला प्रसाद पटेल ने धान उपार्जन की शेष राशि का भुगतान कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने आपूर्ति अधिकारी को दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम बरहटा निवासी राजमणि भुंजवा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत मऊगंज को तीन दिन के भीतर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम खटखरी निवासी कृष्णकांत तिवारी ने आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की।

रास्ते, जमीन के पट्टे और बिजली बिल की शिकायतें भी आईं

जनसुनवाई में हनुमना तहसील के ग्राम खटखरी निवासी प्रशांत सोधिया ने रास्ता निकलवाने की मांग की। वहीं, ग्राम लौही निवासी अर्पित कुमार ने वर्षों से काबिज भूमि का पांच डिसमिल का पट्टा दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा ग्राम घुरेहटा निवासी रामदरश मिश्रा ने बिजली बिल में गलत राशि दर्ज होने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देना अनिवार्य

कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध समाधान करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करें और आवेदक को भी इसकी जानकारी दें।

इस दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।