क्या वाकई ममता बनर्जी TMC का कांग्रेस में करेंगी विलय? अभिषेक बनर्जी ने बताया क्या है सच
ममता बनर्जी और सोनिया गांधी की मुलाकात के बाद कांग्रेस-TMC विलय की चर्चाओं पर अभिषेक बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे महज अफवाह बताया.
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. पार्टी के विधायकों के बाद अब सांसद भी दामन छोड़ते नजर आ रहे हैं. ममता ने हाल ही में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. इस मीटिंग के बाद कांग्रेस और TMC के विलय की खबरें तेज हो गई हैं. इस मामले पर डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया कि है कि मर्जर की खबरें महज अफवाह हैं.
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक बनर्जी ने दावा करते हुए कहा, 'TMC और कांग्रेस के विलय को लेकर चल रही बातें पूरी तरह से अफवाह हैं. मीटिंग में इस पर कुछ भी चर्चा नहीं हुई है.' अहम बात यह भी है कि ममता और सोनिया की मुलाकात के साथ-साथ राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी की भी मीटिंग हुई थी. इन मुलाकातों के बाद विलय की खबरें तेज हो गई हैं.
कांग्रेस-टीएमसी के विलय की क्यों हो रही चर्चा
ममता ने मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास 10 जनपथ पर मुलाकात की थी. दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई. अहम बात यह भी है कि 24 घंटे के अंदर यह ममता और सोनिया की दूसरी मुलाकात थी. इससे पहले सोमवार को इंडी अलायंस की बैठक में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी. उस दौरान सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच गर्मजोशी भी देखने को मिली थी, जब दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया था.
गंभीर संकट से गुजर रही TMC
देखा जाए तो ममता बनर्जी की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब टीएमसी गंभीर राजनीतिक संकट का सामना कर रही है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है. पहले कुछ विधायकों के असंतोष की खबरें सामने आई थीं, वहीं अब पार्टी के कुछ सांसदों द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को समर्थन देने की घोषणा ने टीएमसी नेतृत्व की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
shivendra 
