सतना-देवेन्द्रनगर और रीवा-चुरहट रेल लाइनों का लोकार्पण: नई ट्रेन सेवा को मिली हरी झंडी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सतना-देवेन्द्रनगर और रीवा-चुरहट नई रेल लाइनों का लोकार्पण किया. नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई.
Madhya Pradesh Railway News: मध्य प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सतना-देवेन्द्रनगर और रीवा-चुरहट नई रेल लाइनों का लोकार्पण किया. इस अवसर पर नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशनों से देवेन्द्रनगर-चुरहट-देवेन्द्रनगर नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया. उन्होंने कहा कि नई रेल लाइनें क्षेत्र को विकास के नए दौर में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. रेल नेटवर्क का विस्तार होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है.
माननीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी के साथ वर्चुअली जुड़कर आज सतना–देवेंद्र नगर एवं रीवा–चुरहट रेल लाइनों का शुभारंभ किया। देवेंद्र नगर–चुरहट रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। मध्यप्रदेश को मिली इस ऐतिहासिक सौगात से विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। प्रदेश में रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे बेहतर कनेक्टिविटी के साथ व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है। @rshuklabjp @vdsharmabjp @DrRajesh4BJP @RailMinIndia
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 24, 2026
541 किलोमीटर की रेल परियोजना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक, 541 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी. इस परियोजना से ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली जैसे क्षेत्रों में रेल नेटवर्क के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों का सामाजिक और आर्थिक महत्व काफी अधिक है. ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी लोगों की आवाजाही आसान बनाने के साथ व्यापार और विकास के नए अवसर भी उपलब्ध करा सकती है.
MP को मिली 1.15 करोड़ की रेल परियोजनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से मध्य प्रदेश को करीब 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है. उन्होंने इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री का धन्यवाद किया.
देवेंद्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा के शुभारंभ से पूरे क्षेत्र में विकास और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। यह रेल सेवा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच संपर्क को भी मजबूत बनाएगी। माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी के माध्यम से क्षेत्र को ₹1 लाख 15 हजार करोड़ की लागत से बड़ी परियोजना की सौगात मिली है। रेल सुविधाओं का विस्तार स्थानीय नागरिकों और किसानों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास के नए अवसर भी उपलब्ध कराता है : CM @DrMohanYadav51 #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 24, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल यात्रा का साधन नहीं है, बल्कि यह किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाती है. रेल सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी.
ओंकारेश्वर-खंडवा रेल लाइन भी लोकार्पण के लिए तैयार
मुख्यमंत्री ने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और खंडवा को जोड़ने वाली रेल लाइन भी लोकार्पण के लिए तैयार हो रही है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. वंदे भारत सहित विभिन्न ट्रेनों और अन्य रेल सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है.
सतना-देवेन्द्रनगर और रीवा-चुरहट रेल लाइनों के लोकार्पण तथा नई ट्रेन सेवा की शुरुआत से विंध्य क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है. इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकती है.

