दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से पहले मऊगंज प्रशासन अलर्ट : कलेक्टर- SP ने देवलहा घाट विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण

Mauganj News : अष्टभुजा धाम के विसर्जन घाट पर सीसीटीवी, गोताखोर और पुलिस का अभेद्य पहरा , श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से पहले मऊगंज प्रशासन अलर्ट : कलेक्टर- SP ने देवलहा घाट विसर्जन स्थल का किया निरीक्षण

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

शारदीय नवरात्रि के समापन पर होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे (Collector Rajesh Kumar Ogre) और पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन (SP Surendra Kumar Jain) ने सोमवार को जिले के सबसे संवेदनशील विसर्जन स्थलों का सघन निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले नईगढ़ी के सिद्धपीठ माँ अष्टभुजा धाम के समीप कगास नदी के देवलहा विसर्जन घाट का जायजा लिया। इसके बाद नैया नाला डैम और हनुमना विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था रहे। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से प्रत्येक गतिविधि की सतत निगरानी की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने जिला कमांडेंट होमगार्ड को प्रत्येक घाट पर पर्याप्त आवश्यक सुविधाएं लाइफ जैकेट और कुशल गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि नईगढ़ी का देवलहा घाट जिले का मुख्य महाविसर्जन केंद्र है। यहाँ मऊगंज, हनुमना, देवतालाब और नईगढ़ी ही नहीं, बल्कि रीवा जिले के सैकड़ों गांवों की दुर्गा झांकियां विसर्जन के लिए आती हैं।

इस बार पूरा घाट सीसीटीवी की जद में रहेगा और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज, एसडीएम हनुमना और एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।