मां के जेवर चुराकर बेटे ने उड़ाए 12 लाख रुपये: दोस्त की मदद से सराफा बाजार में बेचता था गहने, पुलिस ने किया गिरफ्तार

लग्जरी लाइफ और अय्याशी का शौक पड़ा भारी, 6 महीने तक मां के जेवर चुराता रहा बेटा; रीवा की सिटी कोतवाली पुलिस ने दोस्त समेत आरोपी को भी किया गिरफ्तार

मां के जेवर चुराकर बेटे ने उड़ाए 12 लाख रुपये: दोस्त की मदद से सराफा बाजार में बेचता था गहने, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रीवा। जिले में लग्जरी लाइफ जीने और सैर-सपाटा करने के लिए एक बेटे ने अपने ही घर में चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपी पिछले 6 महीने से अपनी मां की अलमारी से धीरे-धीरे सोने-चांदी के जेवर निकालकर बेच रहा था। जेवर बेचने से मिली करीब 12 लाख रुपये की रकम उसने घूमने-फिरने और महंगे होटलों में ठहरने पर खर्च कर दी। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है।

अलमारी से गायब मिले जेवर, बेटे पर हुआ शक

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले में रहने वाली मंजू गुप्ता के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। महिला ने 14 अक्टूबर को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जेवर निकालने के लिए अलमारी खोली, तो वहां गहने नहीं मिले। न तो अलमारी का ताला टूटा था और न ही घर में बाहर से किसी के घुसने के निशान मिले। ऐसे में चोरी में परिवार के किसी करीबी का हाथ होने की आशंका जताई गई। जांच के दौरान बेटे की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

दोस्त की मदद से सराफा बाजार में बेचता था गहने

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले छह महीने से घर की अलमारी से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में जेवर निकालकर अपने दोस्त की मदद से सराफा बाजार में बेच रहा था। इन गहनों से उसे करीब 12 लाख रुपये मिले थे। आरोपी ने इस रकम से बनारस, खाटू श्याम सहित कई स्थानों पर घूमने और महंगे होटलों में ठहरने पर पैसे खर्च किए।

करीब दो किलो चांदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई करीब दो किलो चांदी बरामद की गई है। पुलिस अब चोरी की रकम से खरीदे गए सामान का पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी निशा मिश्रा के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ कर चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।