मऊगंज में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप: महिला की हत्या; तीन आरोपी हिरासत में

Crime News MP: मऊगंज के पाड़र गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान अनामिका पटेल की हत्या का मामला सामने आया. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की.

मऊगंज में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप: महिला की हत्या; तीन आरोपी हिरासत में

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज 

Mauganj News: मध्य प्रदेश के मऊगंज में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है. पाड़र गांव में बुधवार रात हुए विवाद के दौरान महिला पर लाठी से हमला करने और गला दबाने का आरोप है. घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. 

मृतका की पहचान अनामिका पटेल, पति राजेश कुमार पटेल, निवासी ग्राम पाड़र के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अनामिका के परिवार और पड़ोस में रहने वाले राजेंद्स पटेल के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. 

पति की गैरमौजूदगी में हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया घटना के समय अनामिका के पति घर पर मौजूद नहीं थे. आरोप है कि विवाद के दौरान राजेंद्र पटेल ने अनामिक के सिर पर लाठी से हमला कर दिया जिससे वह जमीन पर गिर गई. इसके बाद घर की महिलाओं पर उसका गला दबाने का आरोप है. इस घटना में अनामिका की मौत हो गई. 

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल 112 को दी. घायल अवस्था में अनामिका को सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

तीन आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

मामले में मऊगंज थाना पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है. थाना प्रभारी अजय खोबरागड़े ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह बताया जा रहा है.