टाइगर श्रॉफ पर हमला: साजिश के तार इंदौर से जुड़े, पुलिस ने सोनीपत के इंजीनियर प्रांजल हिरासत में लिया
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में इंदौर से इंजीनियर पकड़ा गया, शूटरों को मदद देने का शक; अब तक 10 गिरफ्तार
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की कथित साजिश के मामले में इंदौर से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से परदेशीपुरा इलाके से इंजीनियर प्रांजल ठाकरान को पकड़ा। प्रांजल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने कथित तौर पर शूटरों को लॉजिस्टिक और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी। फिलहाल, उससे पूछताछ कर मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
भाई के इलाज के लिए इंदौर पहुंचा था प्रांजल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रांजल के भाई का हरियाणा के सोनीपत में उपचार चल रहा था। डॉक्टरों ने आगे के इलाज और रोबोटिक सर्जरी के लिए उसे इंदौर रेफर किया था। इसके बाद से प्रांजल का भाई पिछले पांच महीनों से इंदौर में उपचार करा रहा था। बताया जा रहा है कि प्रांजल भी पांच दिन पहले अपने भाई से मिलने इंदौर पहुंचा था। इसी दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम को उसकी लोकेशन इंदौर में मिली। इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम इंदौर पहुंची और स्थानीय क्राइम ब्रांच की मदद से उसे हिरासत में ले लिया।
शूटरों से संपर्क और लॉजिस्टिक मदद की जांच
जांच एजेंसियां प्रांजल के कथित संपर्कों और शूटरों को मदद उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही, हमले की साजिश में उसकी संभावित भूमिका और हथियारों की व्यवस्था से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
मामले में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में मुंबई पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें सात आरोपी हरियाणा के सोनीपत जिले से जुड़े बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां आरोपियों के बीच संपर्कों और कथित साजिश से जुड़े पहलुओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। प्रांजल से पूछताछ के बाद मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका को लेकर भी जानकारी सामने आने की संभावना है।
Varsha Shrivastava 
