अनिका के इलाज के लिए माता-पिता का संघर्ष जारी, मैच में क्राउड फंडिंग से जुटे 3.40 लाख रुपये
Indore की मासूम अनिका एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है, जिसके इलाज के लिए उसके माता-पिता लगातार क्राउड फंडिंग कर रहे हैं। बाजारों, आयोजनों और क्रिकेट मैचों तक में लोगों से मदद ली जा रही है। हाल ही में भारत-न्यूजीलैंड मैच के दौरान 3.40 लाख रुपये जुटाए गए, जबकि अब तक कुल करीब 4.10 करोड़ रुपये एकत्र हो चुके हैं।
इंदौर की मासूम अनिका को एक दुर्लभ और गंभीर बीमारी से बचाने के लिए उसके माता-पिता दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं। अनिका की मां सरिता शर्मा और पिता प्रवीण शर्मा अपनी बेटी के इलाज के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और जगह-जगह लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। अनिका के माता-पिता बाजारों, शोरूम, धार्मिक आयोजनों से लेकर खेल आयोजनों तक पहुंचकर क्राउड फंडिंग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में रविवार को इंदौर में आयोजित भारत- न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच के दौरान भी अनिका के इलाज के लिए लोगों ने दिल खोलकर मदद की। स्टेडियम के आसपास कई स्वयंसेवक पोस्टर और दान पेटी लेकर खड़े नजर आए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अनिका की मदद कर सकें।
मैच के दौरान जुटे 3.40 लाख रुपये
अनिका के पिता प्रवीण शर्मा ने बताया कि क्रिकेट मैच के दौरान हुई क्राउड फंडिंग से 3 लाख 40 हजार रुपये की राशि एकत्र की गई। उन्होंने कहा कि अब तक कुल करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। इसमें वह राशि भी शामिल है, जिसके लिए लोगों ने मदद का आश्वासन दिया है।
जल्द राशि जुटाने की उम्मीद
अनिका के माता-पिता को उम्मीद है कि आवश्यक राशि जल्द से जल्द पूरी हो जाएगी, ताकि समय रहते उनकी बेटी का इलाज शुरू किया जा सके और वह भी एक सामान्य जीवन जी सके। इस मुहिम में अब कई सामाजिक संगठन और आम लोग भी आगे आ रहे हैं।
गंभीर बीमारी और 9 करोड़ का इंजेक्शन
अनिका SMA Type-2 नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है, जो करीब 10 से 12 लाख बच्चों में किसी एक को होती है। इस बीमारी में बच्चे की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं, जिससे वह बैठने और चलने में असमर्थ हो जाता है। इस बीमारी का एकमात्र इलाज Zolgensma नामक इंजेक्शन है, जो अमेरिका से मंगवाया जाता है और जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये है।
सेलिब्रिटीज भी आए मदद के लिए आगे

अनिका की मदद के लिए कई नामचीन हस्तियों ने भी अपील की है। इनमें अभिनेता Sonu Sood, Raza Murad, बिग बॉस की आवाज Vijay Vikram Singh और सिंगर Palak Muchhal शामिल हैं। इन सभी ने वीडियो संदेशों के जरिए लोगों से अनिका की मदद करने की अपील की है। अनिका के माता-पिता और शुभचिंतक उम्मीद कर रहे हैं कि समाज के सहयोग से यह जंग जीती जा सकेगी और अनिका को एक नया जीवन मिल सकेगा।
DRASHTI JAIN 
