मऊगंज के नईगढ़ी में लगा इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य शिविर 94 ग्रामीणों की हुई निःशुल्क जांच
मऊगंज के नईगढ़ी में लगा इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य शिविर, 94 ग्रामीणों की हुई निःशुल्क जांच स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एक सिफलिस और एक हेपेटाइटिस-सी पॉजिटिव मिला
राजेंद्र पयासी मऊगंज: नईगढ़ी जनपद क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अकौरी में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान देखने को मिला। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के तत्वावधान में आयोजित इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य शिविर में 94 हितग्राहियों ने निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय के निर्देश तथा एड्स नियंत्रण इकाई के नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा एवं सीबीएमओ नईगढ़ी डॉ. आर.के. पाठक के मार्गदर्शन में यह शिविर संपूर्ण सुरक्षा केंद्र मेडिकल कॉलेज रीवा और मैत्री एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी रीवा के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया।


शिविर में डॉ. शिवकुमार पटेल ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान 82 लोगों की एचआईवी, वीडीआरएल, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच की गई। 56 लोगों का ब्लड प्रेशर और 52 लोगों की शुगर जांच हुई। 8 गर्भवती महिलाओं का विशेष परीक्षण किया गया, वहीं टीबी की आशंका पर 22 लोगों के स्पुटम सैंपल लिए गए। जांच में एक मरीज सिफलिस और एक मरीज हेपेटाइटिस-सी पॉजिटिव पाया गया, जिन्हें उपचार के लिए रेफर किया गया। शिविर में एसएसके मैनेजर पुष्पराज विश्वकर्मा ने 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलने वाले सघन जन जागरूकता अभियान 3.0 की जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी के चार प्रमुख कारण, बचाव के उपाय, उपचार और एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 के प्रावधानों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही एसटीआई और टीबी के लक्षण व बचाव पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर नेत्र सहायक बी.एल. तिवारी, एसटीएलएस अमित साकेत, सेक्टर सुपरवाइजर मनोज मिश्रा, फार्मासिस्ट रमेश पटेल, काउंसलर इंद्रपाल सेन, सीएचओ सुनीता जायसवाल, एएनएम कल्पना तिवारी, प्रोग्राम मैनेजर आसिफ खान सहित समस्त आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



