CM Indore Visit : सिंहस्थ 2028 के लिहाज से इंदौर-उज्जैन में होटल सुविधाएं जरूरी- इंदौर में बोले CM
CM Indore Visit : मुख्यमंत्री ने कहा कि, मालवा क्षेत्र तेजी से मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। पर्यटन, व्यापार और निवेश की बढ़ती संभावनाओं के बीच आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
CM Indore Visit : इंदौर। 'साल 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होना है। ऐसे में इंदौर और उज्जैन के आसपास होटल सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण है। दोनों शहरों की नजदीकी के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य लोगों का आना-जाना रहेगा।' यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने मंगलवार को इंदौर में कही है। सीएम डॉ. मोहन यादव यहां एक निजी होटल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे।
मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहा मालवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालवा क्षेत्र तेजी से मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। पर्यटन, व्यापार और निवेश की बढ़ती संभावनाओं के बीच आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। इससे न केवल प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। अलग-अलग स्थानों पर बड़ी व्यावसायिक और पर्यटन संबंधी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। इनसे प्रदेश और देश के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही निवेश बढ़ने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
अहिल्या की नगरी को मिली नई सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति की आराधना का अवसर है। ऐसे समय में इंदौर में होटल की नई सुविधा शुरू होना भविष्य की जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने मालवा क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख किया। व्यापार, पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार से यह क्षेत्र मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में आगे बढ़ रहा है।
एयरपोर्ट से सीधे पहुंचे, दीप प्रज्ज्वलित किया
मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से सीधे होटल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे। यहां उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा और रमेश मेंदोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

