उमरिया SP पर आदिवासी महिलाओं के अपमान का आरोप: पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने तत्काल हटाने की मांग की
आदिवासी महिलाओं के चरित्र और रंग-रूप पर तंज शर्मनाक, कांग्रेस नेता अजय सिंह ने दोषी एसपी को तत्काल हटाकर सख्त कार्रवाई की मांग की
भोपाल, 13 अक्टूबर। उमरिया में न्याय और सुरक्षा की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची आदिवासी महिलाओं के कथित अपमान का मामला सामने आया है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
आदिवासी महिलाओं के अपमान को बताया शर्मनाक
अजय सिंह ने कहा कि अपनी सुरक्षा और न्याय की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची आदिवासी महिलाओं के चरित्र और रंग-रूप पर तंज कसना उनकी गरिमा का अपमान है। महिलाओं को ढांढस बंधाने और उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनका अपमान करना बेहद शर्मनाक और अक्षम्य है।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील संवैधानिक पद पर बैठे जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी से इस तरह के अपमानजनक शब्दों की उम्मीद नहीं की जा सकती। खासकर आदिवासी समाज की महिलाओं के प्रति ऐसी टिप्पणी पूरे प्रदेश को शर्मसार करने वाली है।
अजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि संबंधित पुलिस अधीक्षक को तत्काल पद से हटाया जाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की।
आदिवासियों और महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
अजय सिंह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी ही इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेंगे, तो आम लोग न्याय की उम्मीद किससे करेंगे।
अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर सुशासन और महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन उमरिया की यह घटना सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि महिलाओं की गरिमा और न्याय व्यवस्था पर जनता का भरोसा बना रहे।
Varsha Shrivastava 
