किसान संघ ने सरकार को दी चेतावनी : दशहरे तक समस्याओं का समाधान नहीं तो बड़ा आंदोलन

Farmers Union PC : चेतावनी देते हुए भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने कहा कि, दशहरे तक का हम सरकार को समय देते हैं। वरना सरकार के खिलाफ किसान संघ बड़ा आंदोलन करेंगा। 

किसान संघ ने सरकार को दी चेतावनी : दशहरे तक समस्याओं का समाधान नहीं तो बड़ा आंदोलन

मध्य प्रदेश। भोपाल में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी व्यवस्थाओं में असफलता की तरफ जा रही है। किसानों की समस्याओं का अतिशीघ्र निराकरण करें। दशहरे तक का समय दिया जा रहा है। वरना किसान संघ सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगा।

बिजली कटौती पर सरकार को घेरा

कमल सिंह आंजना ने बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सिंचाई की बिजली के अलावा घरों की बिजली भी मेंटेनेंस के नाम पर काटी जा रही है। किसान के साथ आमजन भी परेशान है। नींद लगने के समय बिजली कटौती कर दी जाती है। ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी है। मंत्री जो कहते हैं वह करते नहीं हैं। मुख्यमंत्री को घेरकर मंत्रियों को बैठना चाहिए। मुख्यमंत्री वार्ता के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए आंदोलन का फैसला लेना पड़ा।

भावांतर योजना पर उठाए सवाल

किसान संघ ने भावांतर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर अनाज की खरीदी होनी चाहिए। भावांतर योजना से कुछ नहीं होगा। धान पर भावांतर कैसे देगी सरकार। मंडियों में अव्यवस्था का माहौल है। प्रदेश में कई मंडियां बंद पड़ी हैं।

खाद को लेकर भी उन्होंने कहा कि ई-टोकन से किसान परेशान हैं। सरकार के पोर्टल काम नहीं कर रहे। पंजीयन करने में दिक्कत हो रही है। किसान को खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है। आने वाले समय में अनाज के दाम बढ़ेंगे। मूल्य वृद्धि का ठीकरा किसानों पर नहीं फोड़ना चाहिए। बिना पानी वाले बीज सरकार के पास उपलब्ध नहीं हैं। बिजली, बीज, खाद, पानी, समर्थन मूल्य पर खरीदी और फसल बीमा किसान संघ की प्रमुख मांगें हैं।