नशीले कफ सिरप मामले में STF की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार का इनामी अभिषेक निगम गिरफ्तार
Bhopal Cough Syrup Case : भोपाल में 74,104 कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामदगी मामले में STF ने 20 हजार के इनामी अभिषेक निगम को देहरादून से गिरफ्तार किया। अब तक 25 आरोपी गिरफ्तार।
Bhopal Cough Syrup Case : भोपाल। नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। STF ने 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी अभिषेक निगम को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी भोपाल में 74,104 कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़े जाने के मामले में फरार था।
जानकारी के मुताबिक, 30 मई 2026 को भोपाल के गांधीनगर स्थित पटेल सिटी में नशीले कफ सिरप बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ था। कार्रवाई के दौरान STF ने मौके से ऑनरेक्स और ऑफकफ ब्रांड की 74,104 कोडीनयुक्त कफ सिरप की बोतलें बरामद की थीं।
अन्य आरोपियों के साथ अवैध सप्लाई का आरोप
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक निगम पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नशे के लिए कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध सप्लाई करने का आरोप है। मामले में फरार होने के कारण उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
STF ने 7 अक्टूबर को आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया। इसके बाद ट्रांजिट वारंट पर उसे भोपाल लाया गया।
पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में अब तक कुल 25 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। STF की कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

