DAVV का गेट तोड़ने पर 10 छात्रों पर FIR, छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर हुआ था हंगामा

Indore में छात्रों ने तोड़ा चैनल गेट, 10 छात्रों पर FIR, DAVV में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान हुआ था हंगामा

DAVV का गेट तोड़ने पर 10 छात्रों पर FIR, छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर हुआ था हंगामा

इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के मुख्य गेट को तोड़ने के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर 10 छात्रों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। छात्रों पर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति प्रदर्शन करने और विश्वविद्यालय परिसर का माहौल बिगाड़ने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

दरअसल, छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र राऊ स्थित आईपीएस कॉलेज से साइकिल रैली निकालकर आरएनटी मार्ग स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचे थे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मुलाकात कर अपनी मांग रखने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जिम्मेदार अधिकारी उनसे चर्चा करने नहीं पहुंचा तो प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया। आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य चैनल गेट पर जोर आजमाइश शुरू कर दी। छात्रों के एक साथ धक्का देने से चैनल गेट टूटकर परिसर के अंदर गिर गया था।

इसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 छात्रों को आरोपी बनाते हुए शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति प्रदर्शन करने और परिसर का माहौल बिगाड़ने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है।