लक्ष्य सेन उलटफेर से बचे, एक गेम हारने के बाद शानदार वापसी; वर्ल्ड चैंपियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में लक्ष्य सेन ने पहले गेम में हार के बाद शानदार वापसी की। ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स फिलिमोन को 16-21, 21-8, 21-4 से हराकर राउंड ऑफ 32 में पहुंचे।

लक्ष्य सेन उलटफेर से बचे, एक गेम हारने के बाद शानदार वापसी; वर्ल्ड चैंपियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन ने नई दिल्ली में चल रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. हालांकि, पहले राउंड में उन्हें ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन ने कड़ी टक्कर दी और लक्ष्य को शुरुआती गेम में हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद भारतीय शटलर ने जबरदस्त वापसी करते हुए मुकाबला 16-21, 21-8, 21-4 से अपने नाम कर लिया.

इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लक्ष्य को घरेलू दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला. पहला गेम गंवाने के बाद कुछ समय के लिए स्टेडियम में सन्नाटा छा गया, लेकिन लक्ष्य ने दूसरे गेम से अपना खेल पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने करीब 45 मिनट में मुकाबला जीतकर राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली.

पहले गेम में फिलिमोन ने चौंकाया

पहले गेम में लक्ष्य और फिलिमोन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इंटरवल तक दोनों के बीच सिर्फ एक अंक का अंतर था और स्कोर 11-10 था। इसके बाद ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी ने लगातार अंक हासिल किए और 20-16 पर गेम प्वाइंट हासिल कर लिया। फिलिमोन ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लक्ष्य को मुश्किल में डाल दिया।

दूसरे गेम में बदला लक्ष्य का अंदाज

पहला गेम गंवाने के बाद लक्ष्य ने अपनी रणनीति बदली और कोर्ट की परिस्थितियों के मुताबिक खेलना शुरू किया. दूसरे गेम में 6-6 तक मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन इसके बाद लक्ष्य ने लगातार चार अंक हासिल कर बढ़त बना ली.

इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने फिलिमोन पर लगातार दबाव बनाए रखा और 20-8 पर गेम प्वाइंट हासिल किया. लक्ष्य ने दूसरा गेम 21-8 से जीतकर मुकाबले में वापसी कर ली.

तीसरे गेम में एकतरफा जीत

दूसरे गेम की जीत से लक्ष्य का आत्मविश्वास बढ़ा और निर्णायक गेम में उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। इंटरवल तक लक्ष्य ने 11-1 की बड़ी बढ़त बना ली थी. इसके बाद फिलिमोन वापसी नहीं कर सके. लक्ष्य ने 20-4 पर मैच प्वाइंट हासिल किया और तीसरा गेम 21-4 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.

लक्ष्य ने जीत के बाद बताया कि शुरुआती गेम में कोर्ट की परिस्थितियों और शटल के ड्रिफ्ट से उन्हें परेशानी हुई, लेकिन रणनीति में बदलाव और परिस्थितियों के साथ बेहतर तालमेल बैठाने के बाद उन्होंने मैच पर नियंत्रण बना लिया.

आयुष शेट्टी ने भी किया बड़ा उलटफेर

इससे पहले भारतीय युवा शटलर आयुष शेट्टी ने टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करते हुए चीन के वर्ल्ड नंबर-1 शी यूकी को पहले ही राउंड में बाहर कर दिया था. आयुष ने टूर्नामेंट के प्रबल दावेदार माने जा रहे शी यूकी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. अब राउंड ऑफ 32 में भारतीय खिलाड़ियों पर एक बार फिर नजर रहेगी. लक्ष्य सेन अपने अगले मुकाबले में अमेरिका के गैरेट टैन से भिड़ेंगे, जबकि आयुष शेट्टी का सामना श्रीलंका के दुमिंदु अभयविक्रमा से होना है. घर में खेल रहे लक्ष्य सेन की नजर अब इस जीत की लय को आगे बढ़ाने और वर्ल्ड चैंपियनशिप में बड़ा सफर तय करने पर होगी.