14 साल से न्याय की गुहार लगाती रही महिला, परेशान होकर किया आत्मदाह
रीवा के जोन्हि गाँव में जमीन विवाद में 14 साल से न्याय के लिए भटक रही उमा त्रिपाठी ने परेशान होकर खुद को आग लगा ली। मौके पर उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गाँव में गुस्सा फैल गया और पुलिस को कड़ा विरोध झेलना पड़ा।
रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के जोन्हि गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां 14 साल से अपनी जमीन के मामले में न्याय के लिए चक्कर काट रही उमा त्रिपाठी नाम की महिला ने परेशान होकर खुद को आग के हवाले कर दिया जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में गुस्सा और मातम फैल गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। लगभग 6 घंटे की कोशिश के बाद पुलिस किसी तरह महिला के शव को अस्पताल ले जा सकी।

परिजनों का कहना है कि उमा त्रिपाठी की जमीन पर उसके ही रिश्तेदारों ने कब्जा कर लिया था। परिवार साल 2010 से लगातार राजस्व विभाग के चक्कर लगा रहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 2011 में तत्कालीन कलेक्टर ने भी कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे, मगर 14 साल बीत जाने के बाद भी आदेश लागू नहीं हुआ।

परिजनों ने आरोप लगाया कि राजस्व अधिकारी, आरआई और पटवारी लगातार उन्हें परेशान करते रहे। ऊपर से पुलिस का दबाव भी बढ़ता गया। आखिरकार तंग आकर महिला ने यह कदम उठा लिया।
Saba Rasool 
