मऊगंज: सफारी वाहन से 102 लीटर अवैध शराब बरामद, आरोपी फरार
मऊगंज में नईगढ़ी थाना पुलिस ने एक सफारी वाहन से 102 लीटर अवैध शराब जब्त की, वाहन मालिक मौके से फरार हो गया।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ कारोबारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक सफारी वाहन में लोड अलग-अलग ब्रांड की 102 लीटर अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस को रविवार की दोपहर सूचना मिली थी कि नईगढ़ी के जायसवाल मोहल्ला में खड़ी एक सफारी वाहन में अवैध शराब लोड है, कारोबारी तस्करी करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी दलबल के साथ मौके पहुंचे, इस दौरान पुलिस को आता देख वाहन मालिक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर अलग-अलग ब्रांड्स की 11 कार्टून में बंद 102 लीटर अवैध शराब मिली। सफारी वाहन के डैशबोर्ड से पुलिस को वाहन मालिक भूपेंद्र जायसवाल, पिता इंद्रभान जायसवाल, निवासी जायसवाल मोहल्ला, नईगढ़ी थाना नईगढ़ी का आधार कार्ड एवं गाड़ी का रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड मिला है।
पुलिस द्वारा सफारी वाहन में लोड 102 लीटर अवैध शराब एवं शराब तस्करी में प्रयुक्त सफारी वाहन को जब्त कर वाहन मालिक के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। वहीं पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।

