कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, रीवा को बताया विद्वानों की धरती

रीवा कलेक्टर ने सकरवट गांव में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों से सीधे बात की। इस दौरान सड़क, ट्रांसफार्मर और स्कूल से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।

कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, रीवा को बताया विद्वानों की धरती

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी शुक्रवार देर शाम रीवा के सकरवट गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गांव वालों ने भी खुलकर अपनी दिक्कतें बताईं, जिन पर कलेक्टर ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वे खुद गांवों में जाकर देख रहे हैं कि सरकार की योजनाओं का फायदा लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि बिना डर और संकोच अपनी बात रखें।

चौपाल में लोगों ने गांव की खराब सड़कें ठीक कराने, सुमेदा तक सड़क बनवाने, ट्रांसफार्मर सुधारने, बनकुइयाँ बांध की मरम्मत कराने और खेल मैदान के लिए जमीन दिलाने और अच्छी आंगनबाड़ी सुविधा की मांग रखी।

इसी दौरान कलेक्टर ने गांव के स्कूल की हालत भी जानी। उन्होंने बच्चों से बात कर उनकी पढ़ाई और स्कूल की परेशानियां सुनीं। बच्चों की समझदारी और जवाब सुनकर कलेक्टर काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि रीवा विद्वानों की धरती है और यहां के बच्चे काफी होशियार हैं।


ग्राम चौपाल में अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।