झारखंड के खूंटी में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू 18 चक्का ट्रेलर ने 9 लोगों को रौंदा, 7 की मौत
झारखंड के खूंटी में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने 9 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 7 की मौत हो गई।
Jharkhand Road Accident : झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसा कर्रा थाना क्षेत्र में कोशांबी कॉलोनी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।
#WATCH खूंटी, झारखंड: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। एक स्कूटी सवार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वहां कुछ लोग इकट्ठा हुए थे, तभी तेज रफ्तार एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। https://t.co/fx6rkR9JkZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 6, 2026
स्कूटी हादसे के बाद सड़क किनारे जुटे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब सवा 10 बजे एक स्कूटी सवार का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा था। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर घटना को देख रहे थे। इसी दौरान तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद नौ लोगों को कुचलते हुए निकल गया।
हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार के तीन सदस्यों की हादसे में मौत हुई है। इनमें उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक शामिल हैं।
हादसे में मान्दू देवी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार की मौत हुई है। घायलों को खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भेजा गया।
तीखे मोड़ और अंधेरे की वजह से हुआ हादसा
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग भी घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों से जानकारी ली। एसपी के मुताबिक, रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए सड़क किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद तीखे मोड़ और अंधेरे की वजह से ट्रेलर चालक को सड़क किनारे खड़े लोग दिखाई नहीं दिए। इसके बाद ट्रेलर ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। एसपी ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने बताया कि हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के बाद चालक और खलासी फरार
दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हादसे के बाद इलाके में मातम
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद खूंटी में कई परिवारों में मातम पसरा हुआ है। एक ही घटना में महिलाओं और मासूम बच्चों की मौत से स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और फरार चालक-खलासी की तलाश पर कार्रवाई कर रही है।



