सागर में रिश्तों का खौफनाक अंत: जेठानी और भतीजी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, महिला की मौत; आरोपी गिरफ्तार
सागर के बीना में पारिवारिक विवाद के चलते जेठानी और 14 वर्षीय भतीजी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला। इलाज के दौरान महिला की मौत, आरोपी काजल गिरफ्तार।
MP Crime News : मध्यप्रदेश के सागर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपनी जेठानी और 14 वर्षीय भतीजी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में 35 वर्षीय गिरजाबाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी आयुषी गंभीर रूप से झुलस गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्टील की डोलची, ढक्कन, कपड़े, जूते और माचिस सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
घर में घुसकर मां-बेटी पर डाला पेट्रोल
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। ग्राम गोदना में गिरजाबाई और उनकी 14 वर्षीय बेटी आयुषी घर के कमरे में मौजूद थीं। इसी दौरान परिवार की ही काजल गोस्वामी हाथ में पेट्रोल से भरी बाल्टी लेकर वहां पहुंची।
आरोप है कि काजल ने पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर दोनों से विवाद किया और फिर उन पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। आग की चपेट में आने से मां-बेटी बुरी तरह झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
100 प्रतिशत झुलसी थी मां, बेटी भी गंभीर घायल
घटना में 35 वर्षीय गिरजाबाई करीब 100 प्रतिशत तक झुलस गई थीं, जबकि उनकी 14 वर्षीय बेटी आयुषी लगभग 70 प्रतिशत जल गई थी। शुरुआती उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
गिरजाबाई ने इलाज के दौरान सागर के बीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, आयुषी का इलाज भोपाल के हमीदिया अस्पताल में जारी है।
पुराने विवाद में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी काजल और पीड़ित परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घायल आयुषी ने अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में अपनी चाची काजल पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने घायल मां-बेटी के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने मरणासन्न बयान भी दर्ज कराए थे। दोनों ने अपने बयानों में आरोपी काजल का नाम लिया था।
सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों से खुला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित करने, घायलों का इलाज कराने और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी को घटनास्थल की तरफ आते हुए देखा गया। इसके अलावा घटनास्थल के पास बने पैरों के निशान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया।
शुरुआत में पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने वारदात करना स्वीकार किया।
स्कूटी से निकाला था पेट्रोल, कपड़े भी फेंके
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए वह स्टील की डोलची में पेट्रोल लेकर घर के पीछे के रास्ते से पीड़ित परिवार के घर पहुंची थी।
आरोप है कि घर के अंदर कमरे में बैठी मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर उसने माचिस से आग लगा दी। इसके बाद इस्तेमाल की गई डोलची वहीं फेंककर वह दीवार पार करते हुए अपने घर लौट गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल रखने वाली स्टील की डोलची, उसका ढक्कन, कपड़े, जूते और माचिस जब्त की है। घटनास्थल से मां-बेटी के अधजले कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी
बीना पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी (28) निवासी ग्राम गोदना को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना में घायल गिरजाबाई की उपचार के दौरान मौत होने के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। वहीं, घायल आयुषी का इलाज भोपाल में जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



