MLA अभय मिश्रा पर जमीन कब्जाने का आरोप, बाउंड्री तोड़कर निर्माण की कोशिश से बढ़ा विवाद
रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में तीरथ खटिक ने विधायक अभय मिश्रा पर उनकी जमीन की बाउंड्री तोड़कर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और जांच शुरू कर दी है।
Rewa जिले में जमीन को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। मामला चोरहटा थाना क्षेत्र के अटरिया करहिया बाईपास का है, जहां एक स्थानीय व्यक्ति ने कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है।
पीड़ित तीरथ खटिक के मुताबिक, उनकी जमीन अटरिया करहिया बाईपास के पास स्थित है। उनका आरोप है कि विधायक के समर्थक वहां पहुंचे और उनकी बनी हुई बाउंड्री वाल को तोड़ दिया। इसके बाद उसी जगह पर नई बाउंड्री बनाने की कोशिश की जाने लगी।

जब इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और मामले को बढ़ने से रोका।

तीरथ खटिक का ये भी आरोप है कि इस घटना के बाद से एक संदिग्ध कार लगातार उनका पीछा कर रही है। उनका कहना है कि इससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी विधायक अभय मिश्रा की होगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Saba Rasool 
