रायसेन: अमरावत नर्सरी में युवक ने डिप्टी रेंजर और महिला कर्मचारी को मारी गोली, फिर खुद जंगल में लगा ली फांसी
रायसेन की अमरावत नर्सरी में एक युवक ने डिप्टी रेंजर और एक महिला कर्मचारी को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जंगल की ओर भाग गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
रायसेन। अमरावत स्थित वन विभाग की नर्सरी में मंगलवार को तब गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी जब एक युवक ने डिप्टी रेंजर और एक महिला कर्मचारी को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल में भाग गया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व कर्मचारी ने चलाई गोलियां
नर्सरी में मौजूद दूसरे कर्मचारियों और घायल डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब मजदूर खाना खा रहे थे, तब पूरन सिंह नाम का एक पूर्व कर्मचारी वहां पहुंचा। वह डिप्टी रेंजर के पास आया, हाथ-पैर जोड़कर पुरानी गलतियों की माफी मांगी और दोबारा काम पर रखने की मिन्नतें की. जैसे ही डिप्टी रेंजर ने मना किया, तो पूरन कुछ कदम पीछे हटा और अचानक कट्टा निकालकर फायर करने लगा। पूर्व कर्मचारी पूरने के अंधाधुंध फायरिंग करने में एक गोली डिप्टी रेंजर की पीठ में जा लगी। जबकि दूसरी गोली वहां मौजूद एक महिला मजदूर के शरीर के आर-पार हो गई। मौके पर मौजूद डालचंद ने बताया, मुझ पर भी निशाना साधा गया था, लेकिन मैं जान बचाकर भाग निकला. इस घटना के बाद मौके पर हलचल मच गई, कर्मचारी यहां-वहां भागने लगे।
आरोपी ने जंगल में जाकर की आत्महत्या
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत नर्सरी में पहुंचा, जहां घायल डिप्टी रेंजर और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश्वर खरपुसे ने कहा कि आरोपी पूरन सिंह को उसके खराब व्यवहार के कारण कुछ समय पहले नौकरी से हटा दिया गया था. जिसका बदला लेने वह नर्सरी आया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
