रीवा: बिजली विभाग की खुली पोल, बेलगाम अधिकारी धड़ल्ले से मांग रहे रिश्वत
रीवा में बिजली विभाग पर कनेक्शन और बिल सुधार के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। पैसा न देने पर कनेक्शन नहीं किया जाता, लेकिन मनमाना बिल जरूर दिया जाता है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई के दौरान ग्राम लोही, विद्युत वितरण केंद्र बदरांव के रहने वाले हीरामणि मिश्रा ने बिजली विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
हीरामणि मिश्रा का कहना है कि उनके यहां कई सालों से बिजली कनेक्शन की दिक्कत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पहले वो अपने खर्च से तार लगाकर किसी तरह बिजली का उपयोग कर रहे थे, लेकिन कई बार तार चोरी हो गया और बिजली बंद हो गई। बाद में विधायक की पहल पर खंभा और केबल तो लगाया गया, पर कनेक्शन नहीं किया गया।

फरियादी हीरामणि मिश्रा
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि बदरांव विद्युत वितरण केंद्र के JE यानी की जूनियर इंजीनियर कुंदन श्रीवास्तव द्वारा कनेक्शन चालू करने और बिल सुधारने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की गई। पैसा न देने पर न तो कनेक्शन किया गया और न ही कभी मीटर की रीडिंग ली जाती है साथ ही बिजली न होने के बाद भी मनमाना बिल थमा दिया जाता है।
फरियादी का कहना है कि जब इन सब की शिकायत तो समाधान की बजाय रिश्वत की मांग की जाती है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि उनके मीटर की सही रीडिंग के मुताबिक बिल में सुधार कराया जाए और मामले की जांच करवा के कार्रवाई की जाए जनसुनवाई में अधिकारियों ने आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया है
Saba Rasool 
