13 February 2026:रीगल चौराहा का शास्त्री ब्रिज को तोड़े जाने का काउंटडाउन शुरू, पढ़ें आज की इंदौर की खबरें
महू के प्रतिष्ठित व्यापारी को लॉरेंस विश्नोई गैंग से मिली धमकी। 2 दिन से लापता युवक का शव रालामंडल जंगल के पास खून से लथपथ मिला। लेडी माफिया सीमा नाथ गैंग का एक और पेडलर गिरफ्तार। राजवाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार की कवायद तेज, डीसीपी और निगम अफसरों ने किया पैदल निरीक्षण।
शास्त्री ब्रिज तोड़ने की तैयारी तेज, रीगल चौराहा पर बनेगा 6 लेन का नया ब्रिज
इंदौर के सबसे व्यस्त ट्रैफिक पॉइंट्स में शामिल रीगल चौराहा स्थित शास्त्री ब्रिज को तोड़े जाने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ब्रिज का विस्तृत निरीक्षण किया। भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यहां 6 लेन का आधुनिक और चौड़ा ब्रिज बनाने की योजना तैयार की जा रही है।

हाल ही में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नए ब्रिज का निर्माण भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण, मेट्रो परियोजना और पश्चिम रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे।

तकनीकी पहलुओं पर चर्चा के बाद अब विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर ब्रिज तोड़ने और नए निर्माण की समय-सीमा तय होगी। प्रशासन का मानना है कि नया 6 लेन ब्रिज बनने के बाद रीगल चौराहा क्षेत्र में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
महू में व्यापारी को लॉरेंस गैंग के नाम पर 5 करोड़ की धमकी
इंदौर के उपनगर महू में एक प्रतिष्ठित व्यापारी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित विक्रम मेवाड़ा ने महू के एडिशनल एसपी को लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, विक्रम मेवाड़ा को एक प्राइवेट नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने गोवा में खरीदी गई उनकी प्रॉपर्टी का हवाला देते हुए पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। करीब डेढ़ मिनट तक चली बातचीत में आरोपी ने पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विक्रम और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में लॉरेंस गैंग से जुड़ा है या किसी ने उसके नाम का दुरुपयोग किया है।
द्वारकापुरी में युवती की हत्या की आशंका, किराए के कमरे से मिला शव
इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती का शव किराए के कमरे से बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतका खुशबू पिछले कुछ दिनों से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में युवती के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना दो से तीन दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। जांच में पियूष धनोतिया नामक युवक का नाम सामने आया है, जो मंदसौर का निवासी बताया जा रहा है और मृतका के साथ संबंध में था। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रालामंडल के पास युवक का खून से सना शव मिला
इंदौर के रालामंडल वन्यजीव अभयारण्य के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान रेनसिंह निवासी गुना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेनसिंह दो दिनों से लापता था। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक युवक गंभीर हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

घटनास्थल से खून के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्या सहित अन्य एंगल से जांच जारी है।
क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, सीमा नाथ गैंग का एक और सदस्य गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लेडी माफिया सीमा नाथ गैंग से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शुभम यादव उर्फ शुभम नेपाली को सागर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया गया है।

पिछले वर्ष सीमा नाथ की गिरफ्तारी के दौरान 516 ग्राम ब्राउन शुगर और लाखों रुपये नकद जब्त किए गए थे। जांच में सामने आए इनपुट के आधार पर पुलिस ने गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी है। शुभम नेपाली पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब तक इस गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है।
साइबर ठगी: तीन लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने बैंक खाते और एसबीआई क्रेडिट कार्ड के माध्यम से करीब तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित के अनुसार, उसने कोई संदिग्ध लिंक क्लिक नहीं किया और न ही ओटीपी साझा किया। इसके बावजूद उसके खाते से 15 हजार रुपये और क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 99 हजार रुपये खर्च कर दिए गए।
जांच में पता चला कि ठगों ने इस राशि से महंगे मोबाइल फोन खरीदे, जिनकी डिलीवरी गुरुग्राम में कराई गई। पुलिस कार्ड क्लोनिंग और ऑनलाइन डिटेल्स के दुरुपयोग के एंगल से जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
राजवाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक सुधार अभियान, अधिकारियों का पैदल निरीक्षण
इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी और नगर निगम अधिकारियों ने संयुक्त टीम के साथ पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सराफा बाजार, कपड़ा मार्केट और सुभाष चौक सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों का जायजा लिया गया।

निर्णय लिया गया कि वाहन चालकों के मार्गदर्शन के लिए दिशासूचक बोर्ड लगाए जाएंगे और सड़क किनारे नई रोड मार्किंग की जाएगी। व्यापारी संगठनों ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया है। प्रशासन का मानना है कि इन सुधारों से राजवाड़ा क्षेत्र में यातायात अधिक सुचारू और व्यवस्थित होगा।
Varsha Shrivastava 
