राजवाड़ा में ट्रैफिक सुधार: व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक

राजवाड़ा क्षेत्र में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए व्यापारियों के साथ डीसीपी राजेश त्रिपाठी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

राजवाड़ा में ट्रैफिक सुधार: व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक
google

इंदौर शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/ मुख्यालय) एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सुगम यातायात व्यवस्था हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है।


शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजवाड़ा में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डीसीपी (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा आज व्यापारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ सराफा बाजार, कपड़ा मार्केट, शीतला माता बाजार, राजवाड़ा मार्केट, जवाहर मार्ग, एमजी रोड सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डीसीपी त्रिपाठी ने बताया कि राजवाड़ा क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा लगातार पैदल भ्रमण, निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से यातायात व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि- "इस अभियान में व्यापारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। कई दुकानदारों द्वारा यातायात पुलिस के सुझाव अनुसार “केवल ग्राहकों की पार्किंग” के बोर्ड लगाए गए हैं तथा स्वयं के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा रहे हैं। इसके साथ ही व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। राजवाड़ा क्षेत्र में लगातार क्रेन सपोर्ट के माध्यम से नो पार्किंग, रॉन्ग साइड वाहन संचालन एवं यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आगामी दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई भी प्रारंभ की जाएगी।"

डीसीपी त्रिपाठी ने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी में केवल ग्राहकों के वाहन अल्प समय के लिए ही खड़े होने दें, जिससे क्षेत्र का व्यापार बढ़ेगा और यातायात भी सुगम रहेगा। बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने यातायात पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने हेतु व्यापारी वर्ग हर संभव सहयोग करेगा तथा जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई करने में यातायात पुलिस को पूरा समर्थन रहेगा।

डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने कहा कि इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने अभियान में सक्रियता दिखाई है। इसी तरह अन्य बाजारों के संगठन भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कराने के लिए आग्रह करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सुधार तभी संभव है, जब व्यापारी स्वयं अनुशासन का पालन करेंगे। पिछले सात दिनों में शुरू हुई यातायात प्रबंधन कार्रवाई का व्यापारियों ने खुले मन से स्वागत किया। संगठनों ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की मुहिम में उनकी सहभागिता बराबरी की रहेगी।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर नगर निगम अभय राजेंद्रगांवकर, एडिशनल पुलिस आयुक्त संतोष कौल, सहायक पुलिस आयुक्त सुप्रिया, सराफा थाना प्रभारी लिटोरिया व्यापारी एसोसिएशन से अक्षय जैन, हुकुम सोनी, कैलाश मूंगड़, अविनाश शास्त्री, बसंत सोनी, रजनीश चोरड़िया, अजय लाहोटी, पवन पंवार, राजेंद्र राठौर, जितेंद्र पाहुजा, राजेश गीतांजलि, राजेश लुल्ला, मुकेश पटवा, नितेश चौरसिया, मनीष पामेचा, विजेंद्र सिंह चौहान, रवि विजयवर्गीय सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।