Indore Police की दिवाली पर एडवाइजरी : साइबर ठगी और कार्बाइड गन से रहें सावधान, लापरवाही पड़ सकती है भारी
Indore News : इंदौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
Indore News : इंदौर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए इंदौर पुलिस ने आम लोगों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने साइबर ठगों के फर्जी दिवाली ऑफर्स और अनजान लिंक से बचने की अपील की है। वहीं, जानलेवा साबित हो सकने वाली कार्बाइड गन के इस्तेमाल को लेकर भी सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, त्योहारी सीजन में साइबर ठग आकर्षक डिस्काउंट, बोनस और गिफ्ट हैम्पर का लालच देकर लोगों को निशाना बनाते हैं। इंदौर पुलिस ने नागरिकों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने की अपील की है। ऐसी फाइलों से मोबाइल का डेटा चोरी होने और बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा रहता है।

इसके साथ ही पुलिस ने कार्बाइड गन को लेकर भी चेतावनी जारी की है। इससे निकलने वाली गर्म गैस, आग और तेज धमाके के कारण आंखों की रोशनी जाने, चेहरे और हाथों में गंभीर चोट लगने के साथ जान जाने तक का खतरा रहता है।
पुलिस ने प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन कर कार्बाइड गन बनाने, बेचने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहकर सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की है।


