मैहर: 1.4 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, रामनगर पुलिस ने घर में दी दबिश
मैहर में नशे के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 16 हजार रुपये का गांजा जब्त; आरोपी पर NDPS एक्ट में केस दर्ज
मैहर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामनगर पुलिस ने हटवा नई बस्ती निवासी अशोक द्विवेदी (50) को 1 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हटवा नई बस्ती निवासी अशोक द्विवेदी अपने घर में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रामनगर निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम को घर के गेट पर एक व्यक्ति बैठा मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम अशोक द्विवेदी, पिता रघुनाथ प्रसाद द्विवेदी, उम्र 50 वर्ष, निवासी हटवा नई बस्ती, थाना रामनगर, जिला मैहर बताया। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर काले रंग की प्लास्टिक की थैलियों में रखा कुल 1 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी: थाना प्रभारी रामनगर निरीक्षक विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Varsha Shrivastava 
