रायपुर: ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भीषण आग, 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां ने पाया काबू
एमजी रोड स्थित ऑटोमोबाइल शॉप में लगी विकराल आग, जेसीबी से तोड़ना पड़ा हिस्सा; घंटों जारी रहा राहत कार्य
रायपुर। राजधानी के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एमसीबी उठाने के बाद हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और ज्वलनशील लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। इन्हीं सामानों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग बुझाने के लिए अब तक 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया है। बिल्डिंग के अंदर जाने का रास्ता बेहद संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा तोड़ा गया, ताकि फायर कर्मी अंदर पहुंचकर आग पर काबू पा सकें। वहीं, शहर में फिल्टर प्लांट के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से आग बुझाने में अतिरिक्त चुनौतियां सामने आईं। दमकल विभाग ने तालाब से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके अलावा नया रायपुर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने मामले में जांच की बात कही है।
Varsha Shrivastava 
