भोपाल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : 600 लीटर अवैध शराब जब्त; 1000 लीटर लहान बरामद
Bhopal Illegal Liquor Seized : आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके के मुताबिक, उप निरीक्षक स्वाति बघेल ने टीम के साथ परवलिया थाना क्षेत्र के बगोनिया गांव में दबिश दी। यहां राहुल अहिरवार के घर से हाथभट्टी से बनी शराब जब्त की गई।
Bhopal Illegal Liquor Seized : भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात कई जगहों पर दबिश दी। बगोनिया और गांधीनगर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और लहान बरामद किया गया। वहीं, शाहजहांनाबाद इलाके में एक्टिवा से देसी शराब की सप्लाई करते हुए एक युवक को पकड़ा गया। विभाग ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की कोशिश की।
बगोनिया में 600 लीटर शराब जब्त
आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके के मुताबिक, उप निरीक्षक स्वाति बघेल ने टीम के साथ परवलिया थाना क्षेत्र के बगोनिया गांव में दबिश दी। यहां राहुल अहिरवार के घर से 600 लीटर हाथभट्टी से बनी शराब जब्त की गई। विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शराब को कब्जे में लिया। इस मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
गांधीनगर में नीले ड्रमों में मिला लहान
गांधीनगर क्षेत्र के शांतिनगर में आबकारी विभाग की टीम को करीब 1000 लीटर लहान मिला। इसे नीले ड्रमों में भरकर रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले लहान को नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(फ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
एक्टिवा से शराब ले जाते युवक को पकड़ा
शाहजहांनाबाद क्षेत्र में संजय बाथम को एक्टिवा से देसी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया। विभाग के अनुसार, वह दोपहिया वाहन से शराब की सप्लाई कर रहा था। इससे पहले भी दो युवकों को दोपहिया वाहनों से शराब ले जाते हुए पकड़ा जा चुका है।
बागमुगालिया में भी हुई कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी ने बागमुगालिया क्षेत्र में शराब दुकान के आसपास जांच की। यहां सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने मौके से करीब एक दर्जन लोगों को हटाया। आबकारी विभाग ने अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

