दहेज हत्या केस: 3 साल से फरार दंपति समेत 3 गिरफ्तार, हर आरोपी पर था 5 हजार का इनाम
.सतना में दहेज हत्या के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा: स्थायी वारंट जारी होने के बाद पकड़े गए तीनों आरोपी, कोर्ट में पेश करने के बाद भेजे गए जेल,
सतना। जिले की कोठी थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में करीब 3 साल से फरार चल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति, उसकी पत्नी और पिता शामिल हैं। पुलिस ने तीनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

2023 में दर्ज हुआ था मामला
सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे के अनुसार, आरोपी विनोद पाल उर्फ दीपक (30), उसके पिता सैखीलाल पाल (60) और पत्नी पूनम पाल (23), निवासी मौहार के खिलाफ साल 2023 में दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 304बी और 34 के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई थी।

स्थायी वारंट जारी होने के बाद घोषित हुआ था इनाम
मामला दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में चालान न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद न्यायालय ने आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रत्येक आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
करीब तीन साल से आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस को बुधवार सुबह मुखबिर से उनके संबंध में सूचना मिली। इसके बाद कोठी थाना पुलिस की टीम ने दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
Varsha Shrivastava 
