Rewa News : रीवा में सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा, 23 लाख का मशरूका बरामद

Rewa News : रीवा पुलिस ने चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान तीन संदिग्धों से करीब 23 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया। इसमें 110 ग्राम सोना, नकदी और दो वाहन शामिल हैं।

Rewa News : रीवा में सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा, 23 लाख का मशरूका बरामद

Rewa News :  रीवा। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच रीवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदातों की जांच करते हुए तीन संदिग्धों से पूछताछ के बाद करीब 23 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। बरामद सामग्री में लगभग 110 ग्राम गलाया हुआ सोना, दो लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल हैं। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह (SP Dr. Gurkaran Singh) ने शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनके खुलासे और आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) भावना मरावी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस कार्रवाई में थाना समान के प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा, गोविंदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, चोरहटा थाना प्रभारी निरीक्षक पवन शुक्ला और साइबर सेल की टीम को शामिल किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी की गई।

जांच के दौरान तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चोरी की घटनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर चोरी का मशरूका बरामद किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी इनकी कोई भूमिका है या नहीं।

सोना, नकदी और वाहन बरामद

पुलिस के मुताबिक, बरामद मशरूका में करीब 110 ग्राम गलाया हुआ सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद, लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत की एक मोटरसाइकिल और लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत की एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने कुल मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई है।

CCTV और साइबर टीम की मदद से मिली सफलता

चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों पर विशेष ध्यान दिया। विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों और साइबर सेल के समन्वित प्रयासों से संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में हुई चोरी की घटनाओं की जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक वीरेन्द्र पटेल, निरीक्षक आशीष मिश्रा, निरीक्षक विजय सिंह, निरीक्षक पवन शुक्ला, उपनिरीक्षक गौरव मिश्रा (साइबर सेल), सहायक उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, प्रधान आरक्षक वरुण मिश्रा, राजेश हरिजन सहित आरक्षक दुर्गानंद यादव, अंकुर गौतम, संजीत यादव, अर्जुन चौरसिया, धनंजय पटेल, अनंत शर्मा, रविशंकर द्विवेदी, जयबीर सिंह गहरवार, मानेन्द्र शर्मा, सुभाष चंद्र भारती और वरुणेन्द्र सिंह की भूमिका रही। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में योगेश सिंह का भी सहयोग बताया गया है।

पुलिस द्वारा चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ और जांच जारी है। बरामद मशरूका तथा संदिग्धों से जुड़े मामलों में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।