Tata Power Plant : टाटा पावर प्लांट रोझौही गांव के लिए वरदान, जान भी देनी पड़ी तो देंगे, ग्रामीणों ने निकाली जन जागरण यात्रा
Tata Nuclear Power Plant : टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के समर्थन में ग्रामीणों ने आज एक विशाल जन जागरण यात्रा निकाली, जिसमें रोझौही सहित आसपास के गांवों के 300 से 400 ग्रामीण शामिल हुए।
Tata Nuclear Power Plant : रीवा। जिले की लालगांव तहसील के समीपवर्ती ग्राम रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्लांट के समर्थन में ग्रामीणों ने आज एक विशाल जन जागरण यात्रा निकाली, जिसमें रोझौही सहित आसपास के गांवों के 300 से 400 ग्रामीण शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे गांव में "टाटा पावर प्लांट वरदान है", "विकास चाहिए, अफवाह नहीं" जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर गांव की गलियों में घूमे और लोगों को परियोजना के फायदों के बारे में जागरूक किया।
ग्रामीणों ने कहा - यह विकास की नींव है
जन जागरण यात्रा में शामिल ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट हमारे क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस प्लांट के लगने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा और युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि कुछ बाहरी तत्व और नशेड़ी वसूली गैंग के लोग गांव में आकर भ्रामक बातें फैला रहे हैं और भोली-भाली जनता को डराकर परियोजना को रोकना चाहते हैं। आज की यात्रा में उन सभी अफवाहों का खंडन किया गया।
शासन-प्रशासन से दो मांगें
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखीं -
- अवरोध समाप्त कर कार्य शुरू कराया जाए : परियोजना में जानबूझकर अड़ंगा लगा रहे लोगों पर रोक लगाकर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।
- अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई : जो लोग गांव-गांव जाकर झूठी और भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं और जनता को बरगला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान ग्रामीणों ने भावुक होते हुए कहा, "यह प्लांट हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। इसे लगवाने के लिए अगर हमें अपनी जान भी देनी पड़ी, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। हम अपने गांव का विकास रोकने नहीं देंगे।" यात्रा के समापन पर ग्रामीणों ने एकजुटता का संकल्प लिया और कहा कि वे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाकर इस परियोजना को हर हाल में पूरा कराएंगे।


