MP Weather: 22 जिलों में लू का अलर्ट,भोपाल में नर्सरी से 8वीं तक स्कूलों में छुट्टी घोषित

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम जारी है. मौसम विभाग ने रविवार को ग्वालियर समेत प्रदेश के 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है.

MP Weather: 22 जिलों में लू का अलर्ट,भोपाल में नर्सरी से 8वीं तक स्कूलों में छुट्टी घोषित

भोपाल: मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में सूरज के तेवर बेहद सख्त हैं, वहीं मालवा-निमाड़ के इंदौर-उज्जैन के साथ भोपाल और नर्मदापुरम में भी तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है.शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दिनभर झुलसाने वाली गर्मी का असर देखने को मिला. खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने रविवार को ग्वालियर सहित प्रदेश के 22 जिलों में लू (हीट वेव) चलने की चेतावनी जारी की है. हालांकि, राहत की खबर यह है कि 27 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

इन जिलों में लू का अलर्ट़

ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर जिलों में लू का असर रहेगा.वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहने का अनुमान है. 

आसमान से बरसी आग

प्रदेश के कई शहरों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए. खजुराहो के अलावा रतलाम में 44.5°C, दतिया और धार में 44.1°C, नौगांव और श्योपुर में 44°C तापमान दर्ज किया गया. टीकमगढ़ और मंडला में 43.8°C, दमोह में 43.6°C और उमरिया में 43.5°C तक पारा पहुंच गया. बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन में 43°C, भोपाल में 42.4°C, इंदौर में 42.2°C और जबलपुर में 42.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. 

बाजार में बढ़ी मांग

तेज गर्मी के चलते एयर कंडीशनर, कूलर और फ्रिज की मांग में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है. व्यापारियों के अनुसार, कम बिजली खपत वाले नए मॉडल ग्राहकों को ज्यादा आकर्षित कर रहे हैं.

मौसम में बदलाव के संकेत

मंदसौर में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जो मौसम में बदलाव का संकेत है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तीन चक्रवाती परिसंचरण और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है. 28 और 29 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. 

गर्मी से बचाव जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि पर्याप्त पानी पिएं, धूप में ज्यादा देर तक न रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

30 अप्रैल तक रहेगा अवकाश

भोपाल में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।जारी आदेश के अनुसार यह छुट्टी 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के छात्र-छात्राओं की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।


सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू आदेश

यह आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है।अत्यधिक गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को गर्मी से होने वाली परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके।

शिक्षकों को स्कूल आने के निर्देश

हालांकि विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।इस संबंध में आदेश जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों को धूप और गर्मी से बचाने की अपील की है।