Rewa में डीआईजी के गनमैन के घर चोरी, नकदी-गहने समेत लाखों का माल ले उड़े चोर
Rewa News : रीवा में चोरों ने डीआईजी के गनमैन अशोक तिवारी के घर से करीब 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली। चोरों ने पूड़ी-अचार खाने के बाद अलमारी के लॉकर तोड़े।
Rewa News : रीवा। पाररीवा में चोरों ने डीआईजी के गनमैन अशोक तिवारी के घर से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली। चोरहटा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के दौरान पूरा परिवार घर में सो रहा था। चोरों ने रसोई में पूड़ी-अचार खाने के बाद अलमारी के लॉकर तोड़े और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जागने पर मिला बिखरा सामान
घटना का पता सुबह चला जब परिवार के लोग सोकर उठे। घर में सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के लॉकर टूटे मिले। रसोई में पूड़ी-अचार और जूठे बर्तन भी पड़े थे। इसके बाद परिवार को चोरी का पता चला। अशोक तिवारी चोरहटा के निवासी हैं और रीवा जोन के डीआईजी के गनमैन के तौर पर पदस्थ हैं।
परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी
परिवार के मुताबिक चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। वारदात के दौरान परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक नहीं लगी। चोर चुपचाप सामान लेकर भागने में सफल रहे।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

