Siwan Firecracker Factory Blast: पटाखे बनाते समय भीषण विस्फोट, पति-पत्नी और बेटी समेत 7 की मौत
बिहार की पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट: सीवान में पटाखे बनाते समय हुआ भीषण विस्फोट, डेढ़ घंटे तक होते रहे धमाके, पूरा मकान ढहा, सड़क पर बिखरे शव, 20 साल पहले लिया था पटाखा बनाने का लाइसेंस
Siwan Firecracker Factory Blast: बिहार के सीवान जिले में पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण ब्लास्ट में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में हुआ। यहां एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके होने लगे। विस्फोट इतना तेज था कि पूरा मकान ढह गया। धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और शव सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। हादसे में एक पति-पत्नी और उनकी बेटी की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही सदर SDM आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज SDPO अमन और बड़हरिया, जामो व गोरेयाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन की टीम घटनास्थल का जायजा लेकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। SDPO के मुताबिक, दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।
20 साल पहले लिया था पटाखा बनाने का लाइसेंस
सीवान के SP भारत सोनी ने बताया कि अब तक मृतकों के शवों की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पटाखे बनाने के लिए करीब 20 साल पहले लाइसेंस लिया गया था। हालांकि, वर्तमान में लाइसेंस वैध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
जिस मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। ऐसे में विस्फोट के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
