Indore Nehru Stadium : 840 करोड़ की जमीन, 400 करोड़ से ज्यादा प्रीमियम... नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प अटका

Indore Nehru Stadium : इंदौर के नेहरू स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना जमीन की कीमत के कारण अटकी है।

Indore Nehru Stadium : 840 करोड़ की जमीन, 400 करोड़ से ज्यादा प्रीमियम... नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प अटका

Indore Nehru Stadium : मध्य प्रदेश। इंदौर के नेहरू स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बदलने की योजना जमीन की कीमत के चलते उलझ गई है। नगर निगम ने करीब आठ हेक्टेयर जमीन मांगी है, लेकिन 840 करोड़ रुपए के मूल्यांकन और 400 करोड़ रुपए से अधिक की प्रीमियम राशि ने परियोजना के सामने आर्थिक चुनौती खड़ी कर दी है। अब जमीन आवंटन के लिए प्रशासनिक मंजूरी और वित्तीय व्यवस्था का इंतजार है।

दरअसल, इंदौर नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम के विकास के लिए जिला प्रशासन से 7.97 हेक्टेयर जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव दिया है। नए नियमों के तहत जमीन की कीमत करीब 840 करोड़ रुपए आंकी गई है। व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए आवंटन के लिए 50 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा, जो 400 करोड़ रुपए से अधिक है। इसके अलावा सालाना 3 लाख 18 हजार रुपए किराया भी देना होगा। 

प्रस्तावित योजना में इनडोर और आउटडोर खेल सुविधाओं के साथ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और आवासीय अपार्टमेंट विकसित करने की तैयारी है। परियोजना को पीपीपी मॉडल पर आगे बढ़ाने की योजना है। 

वही इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के मुताबिक, रेसीडेंसी क्षेत्र की जमीन के आवंटन में प्रशासनिक अड़चनें हैं। मामला साधिकार समिति के पास भेजा गया है। मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी इसकी जानकारी दी गई है।

अब सबकी निगाहें शासन के फैसले पर हैं। जमीन आवंटन और भारी-भरकम प्रीमियम की व्यवस्था तय होने के बाद ही नेहरू स्टेडियम के आधुनिकीकरण की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।