चेज मास्टर कोहली ने तोड़ा सचिन का महारिकॉर्ड, SENA देशों में भी रच दिया इतिहास
Virat Kohli ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 74 रन की पारी खेलकर Sachin Tendulkar का रनचेज रिकॉर्ड तोड़ दिया। SENA देशों में 50+ औसत और नंबर-3 पर 13 हजार रन का कीर्तिमान बनाया.
Ind vs NZ 1st ODI: विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 74 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने रनचेज में सचिन तेंदुलकर के 8720 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. अब कोहली वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वह नंबर-3 पर 13 हजार ODI रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं.
विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला इन दिनों वनडे क्रिकेट में जमकर बोल रहा है. रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बन रहे हैं और पुराने कीर्तिमान पीछे छूटते जा रहे हैं. 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में भी किंग कोहली का वही अंदाज देखने को मिला. उन्होंने 74 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस पारी के साथ ही कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
चारों SENA देशों में 50 से ज्यादा का औसत
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पारी के साथ एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो उनकी विदेशी पिचों पर कंसिस्टेंसी को दिखाता है. अब चारों SENA देशों में उनका वनडे औसत 50 या उससे ज्यादा हो गया है. SENA में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. इन चारों देशों में कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है. साउथ अफ्रीका में उनका वनडे औसत 76.38, ऑस्ट्रेलिया में 50.03, इंग्लैंड में 51.48 और न्यूजीलैंड में 51.53 हो गया है. इन चारों देशों में कोहली अब तक कुल 4557 वनडे रन बना चुके हैं. विदेशी परिस्थितियों में लगातार रन बनाना उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत रही है.
टेस्ट से संन्यास के बाद वनडे में बरसा रहे रन
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली का वनडे फॉर्म और निखरकर सामने आया है. संन्यास के बाद खेले गए 16 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 77.07 की औसत से 1002 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं.
वहीं, इस साल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो कोहली 10 वनडे मुकाबलों में 626 रन बना चुके हैं. लगातार बड़ी पारियां खेलकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि वनडे क्रिकेट में उनका अनुभव और निरंतरता कितनी अहम है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पोंटिंग की बराबरी
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है. दोनों बल्लेबाजों के नाम अब कीवी टीम के खिलाफ 1971 रन दर्ज हैं. हालांकि, यहां कोहली ने पारियों के मामले में पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है. पोंटिंग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इतने रन बनाने के लिए 50 पारियां खेली थीं, जबकि कोहली ने महज 37 पारियों में यह आंकड़ा छू लिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली अब तक 7 शतक और 11 अर्धशतक लगा चुके हैं।
नंबर-3 पर 13 हजार ODI रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए भी इतिहास रच दिया है. वह इस पोजीशन पर 13 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 254 मैचों में 13062 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 61.61 का रहा है. उनके नाम इस पोजीशन पर 48 शतक और 70 अर्धशतक दर्ज हैं.
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ा
विराट कोहली को चेज मास्टर कहा जाता है और इसकी वजह उनके आंकड़े हैं. लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली अब वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
इस मामले में उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है. सचिन ने वनडे में रनचेज करते हुए 8720 रन बनाए थे, जबकि कोहली के नाम अब 8741 रन हो गए हैं. खास बात यह है कि सचिन ने यह आंकड़ा हासिल करने के लिए जहां ज्यादा पारियां खेलीं, वहीं कोहली ने महज 169 पारियों में यह मुकाम हासिल कर लिया. रनचेज के दौरान उनका औसत 66.21 का है. इस दौरान उन्होंने 30 शतक और 46 अर्धशतक लगाए हैं.
अगर बात सफल रनचेज की करें तो यहां कोहली के आंकड़े और भी शानदार हैं. भारत की जीत वाले सफल रनचेज में उन्होंने 108 पारियों में 89.95 की औसत से 6477 रन बनाए हैं. इसमें उनके 25 शतक शामिल हैं.
मैच में क्या हुआ?
ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. युवा गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पूरी कीवी टीम 185 रनों पर सिमट गई. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. गुरनूर बरार ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि अंशुल कंबोज ने 2 विकेट अपने नाम किए. इसके बाद बारिश ने मैच में खलल डाला. डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत भारत को 32 ओवर में 143 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की अहम साझेदारी की. दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन तब तक जीत की राह काफी आसान हो चुकी थी. आखिरकार टीम इंडिया ने 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही विराट कोहली ने एक बार फिर दिखा दिया कि उन्हें वनडे क्रिकेट का चेज मास्टर क्यों कहा जाता है.

